सामना संवाददाता / मुंबई
एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय का रिजनल युवा महोत्सव मणिबेन नानावटी महिला महाविद्यालय में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस महोत्सव में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात क्षेत्र की लगभग 1,200 छात्राओं ने पांच श्रेणियां में विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागिता कीं, जैसे साहित्य, नृत्य, नाटक, संगीत, गायन, फाइन आर्ट्स आदि।
इस युवा महोत्सव का उदघाटन एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रोफेसर डॉक्टर उज्ज्वला चक्रदेव ने किया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यह महोत्सव आपको जीवन भर याद रहेगा और इसमें जो दोस्त बनेंगे वह जीवन भर दोस्त बने रहेंगे। नानावटी महाविद्यालय की प्रबंध समिति की अध्यक्षा हिमाद्री नानावटी ने छात्राओं को शुभकामना दी और स्वस्थ मन से प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
नानावती महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. राजश्री त्रिवेदी इस पूरे आयोजन की सूत्रधार रहीं और उन्होंने इस द्वि दिवसीय महोत्सव को बहुत ही जिम्मेदारी से आयोजित किया। महोत्सव के दूसरे दिन शाम को पुरस्कार वितरण समारोह हुआ और विभिन्न महाविद्यालयों की छात्राओं को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समापन समारोह की अध्यक्षा एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय की प्र-कुलगुरु प्रोफेसर रूबी ओझा ने कहा कि इस उत्सव में शामिल सभी छात्राएं विजेता हैं।पुरस्कार मिलना या न मिलना अधिक महत्वपूर्ण नहीं है, सबसे महत्वपूर्ण है प्रतियोगिता में शामिल होना।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध रंगकर्मी अनीता सलीम उपस्थित थीं।उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित किया और कहा कि यह आपके जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपकी असीमित ऊर्जा को सही दिशा में निर्देशित करने के लिए ऐसे उत्सव बहुत आवश्यक है।
रिजनल युवा महोत्सव का संचालन छात्रा विकास निदेशालय, एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. प्रभु तेंदुलकर और प्रभारी किरण गायकवाड ने किया। इस युवा महोत्सव का आयोजन डॉ राजश्री त्रिवेदी, डॉ. ट्विंकल संघवी और डॉ. प्रेरणा रामटेके के मार्गदर्शन में हुआ।
