मुख्यपृष्ठसमाचारऑपरेशन अमानत में आरपीएफ को मिली बड़ी सफलता, लाखों का सामान यात्रियों...

ऑपरेशन अमानत में आरपीएफ को मिली बड़ी सफलता, लाखों का सामान यात्रियों को लौटाया

रवीन्द्र मिश्रा | मुंबई

पश्चिम रेलवे की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अमानत” को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। हाल ही में इस अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में यात्रियों के कुल करीब 4 लाख 65 हजार रुपये मूल्य के सामान को सुरक्षित बरामद कर उन्हें लौटाया गया। आरपीएफ की तत्परता और ईमानदारी ने एक बार फिर यात्रियों का भरोसा मजबूत किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर की शाम भयंदर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन सुपरिटेंडेंट (SS) ने अंधेरी आरपीएफ को सूचित किया कि वसई पश्चिम स्थित पंचवटी इमारत में रहने वाले स्नेह हर्ष देशमुख का काले रंग का बैग एसी लोकल ट्रेन में छूट गया है। सूचना मिलते ही आरपीएफ अंधेरी के सहायक उपनिरीक्षक ललित कुमार त्रिपाठी, मन्नू भाई सोलंकी तथा एमएसएफ स्टाफ सदस्य सिद्धेश्वर ने तुरंत ट्रेन की तलाशी ली। तलाश के दौरान यात्री का बैग सुरक्षित बरामद किया गया। जांच में पाया गया कि बैग में एक लैपटॉप, एक आईफोन, एक सैमसंग मोबाइल, चार्जर और अन्य कीमती सामग्री मौजूद थी, जिसकी कुल कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपये थी। पूरा सामान यात्री को सुपुर्द कर दिया गया।

एक अन्य मामले में, वडाला निवासी भरत हर्षवर्धन कोराट का बैग ट्रेन में छूट गया था, जिसमें मोबाइल फोन, घड़ी, नकद राशि समेत कुल 1 लाख 25 हजार 460 रुपये का सामान मौजूद था। आरपीएफ की मुस्तैदी से यह बैग भी सुरक्षित बरामद कर यात्री को सौंप दिया गया।

इन दोनों सफलताओं पर आरपीएफ निरीक्षक राजीव सिंह सलारिया ने संबंधित स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि “ऑपरेशन अमानत” न केवल यात्रियों की मदद कर रहा है, बल्कि रेलवे में सुरक्षा और ईमानदारी की एक मिसाल भी कायम कर रहा है। यात्रियों ने भी आरपीएफ के प्रति आभार जताया और उनकी तत्परता की सराहना की।

अन्य समाचार