राधेश्याम सिंह
वसई। वसई विरार मनपा अंतर्गत 27 – 28 अक्टूबर को मनाई जाने वाली छठ पूजा के अवसर पर वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने छठ पूजा के भक्तों की सुविधा,पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 29 स्थानों पर 32 कृत्रिम तालाब और 5 समुद्र तटों पर विशेष व्यवस्था की घोषणा की है। प्राकृतिक तालाबों और जल स्रोतों पर उस अवधि में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। महानगरपालिका मुख्यालय में आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में हुई बैठक में उत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस,अग्निशमन और प्रशासनिक विभागों के बीच समन्वय योजना तय की गई। इन कृत्रिम तालाबों और समुद्र तटों पर निर्माल्य कलश,बिजली, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, मंडप, बस सेवा और डॉक्टर दल की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मनपा आयुक्त सूर्यवंशी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस वर्ष भी “गणेशोत्सव” और “नवरात्रोत्सव” की तरह छठ पूजा को भी पर्यावरण पूरक तरीके से मनाएं ।
