मुख्यपृष्ठअपराधऑपरेशन सिंदूर का बदला लेने के लिए हिंदुस्थान पर आतंकी हमले की...

ऑपरेशन सिंदूर का बदला लेने के लिए हिंदुस्थान पर आतंकी हमले की तैयारी में हाफिज!

-लश्कर कमांडर सैफ का खुलासा…बांग्लादेश के रास्ते अटैक का प्लान

सामना संवाददाता / मुंबई

पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोयबा का सरगना हाफिज सईद हिंदुस्थान पर नए हमलों की तैयारी कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह बांग्लादेश को इन हमलों के लिए लॉन्चपैड के रूप में इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। यह खुलासा पाकिस्तान के खैरपुर तामेवाली में ३० अक्टूबर को हुई एक रैली के वीडियो से हुआ है। इसमें लश्कर के सीनियर कमांडर सैफुल्लाह सैफ ने कहा, ‘हाफिज सईद खाली नहीं बैठे हैं, वे बांग्लादेश के रास्ते हिंदुस्थान पर हमला करने की तैयारी कर रहे हैं।’ सैफ ने कहा, हिंदुस्थान हम पर चढ़ा हुआ था, अमेरिका उनके साथ था। लेकिन आज उनका साथ कोई नहीं दे रहा। सैफ ने दावा किया कि लश्कर के आतंकी पहले से ही बांग्लादेश में सक्रिय हैं और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का बदला लेने को तैयार हैं।
सूत्रों के अनुसार, हाफिज सईद ने अपने करीबी साथी को बांग्लादेश भेजा है, जो वहां के युवाओं को ट्रेनिंग दे रहा है। रैली में आतंकवादी सैफ ने लोगों को भारत के खिलाफ जंग छेड़ने के लिए उकसाया।
मुंबई में हाई अलर्ट
दिल्ली में एक कार में ब्लास्ट होने के बाद मुंबई में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। शहर के चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा कर दी गई है। इस ब्लास्ट के तुरंत बाद मुंबई में हाई-अलर्ट के आदेश जारी किए गए। सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही देश की सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं। जगह-जगह नाकाबंदी कर हर आने-जाने वाले की तलाशी ली जा रही है। रेलवे स्टेशनों के अलावा संवेदनशील इलाकों में सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है।
हिंदुस्थान से करेंगे हिंदुओं का सफाया!
पाकिस्तानी आतंकी संगठन एक बार फिर हिंदुस्थान दहलाने की साजिश रच रहे हैं। हाल ही में लश्कर-ए-तोयबा का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो हिंदुस्थान से हिंदुओं का सफाया करने की धमकी दे रहा है।
वीडियो में वह कहता है, ‘हमारे काफिले न रुकेंगे, न थमेंगे और तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक पूरे हिंदुस्थान पर ‘ला इलाहा इलल्लाह’ (अल्लाह के अलावा कोई दूसरा नहीं) के परचम लहरा नहीं देते।’ कसूरी आगे कहता है, ‘ये वक्त आने वाला है, कोई नाउम्मीदी नहीं। हम जिस मैदान में खड़े हुए हैं, अपने दुश्मन को चारों खाने चित किया है। ये हिंदू हमारे सामने क्या हैं। हिंदुस्थान का हिंदू मिट जाएगा और इस्लाम का राज आने वाला है।’ कसूरी वीडियो में कहता है कि ये भाषण वो लश्कर के मुरीदके हेडक्वार्टर से दे रहा है। हिंदुस्थान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लश्कर के इसी हेडक्वार्टर पर हमला बोला था। बाद में पाकिस्तानी सेना ने झूठा दावा किया था कि यह आतंकवादी अड्डा नहीं, बल्कि एक मस्जिद है। कसूरी ने पाकिस्तान को ‘अल्लाह की दी हुई पनाहगार’ बताया। उसने कहा, पाकिस्तान सलामती और अमन की सरजमीं है, ये दुनियाभर के मुस्लिमों का हमदर्द और मददगार है। इसके अलावा कसूरी ने दुनिया से पाकिस्तान की कद्र करने और जुड़ने को कहा। इससे पहले १७ सितंबर को कसूरी ने टेलीग्राम पर वीडियो जारी कर हिंदुस्थान और पीएम मोदी को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। वीडियो में कसूरी ने चेतावनी दी कि जम्मू-कश्मीर में भारतीय बांधों, नदियों और इलाकों पर कब्जा करने की कोशिशें की जाएंगी। कसूरी ने खुलासा किया कि पाकिस्तान सरकार और सेना आतंकवादी संगठन को मुरीदके में अपना मुख्यालय फिर से बनाने के लिए धन मुहैया करा रही है, जिसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तबाह कर दिया गया था।
नाबालिगों का इस्तेमाल
इस रैली मेंं बच्चे भी मौजूद थे। आतंकी संगठन नाबालिगों को भी भड़काकर भारत के खिलाफ इस्तेमाल करना चाहते हैं। सैफ ने पाकिस्तानी सेना की तारीफ करते हुए झूठा दावा किया कि ९-१० मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जवाब में कार्रवाई हुई। उसने कहा, ‘अब अमेरिका हमारे साथ है। बांग्लादेश भी फिर से पाकिस्तान के करीब आ रहा है।’
तीन टन आईईडी जप्त, ७ आतंकी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान में सात प्रमुख आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और लगभग तीन टन आईईडी सामग्री बरामद की गई। इससे यह साबित होता है कि अंसार-गजवत-उल-हिंद जैश-ए-मोहम्मद की मदद से जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर अपनी सक्रियता बढ़ा रहा है। अभी तक गिरफ्तार किए गए दो डॉक्टरों में से एक अनंतनाग का रहने वाला था और उसे शाहजहांपुर से गिरफ्तार किया गया था। दूसरे डॉक्टर, मुजामिल शकील को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है और वह पुलवामा का रहने वाला है।
दिल्ली में धमाका, १० की मौत!
लाल किले के पास कल शाम एक कार में जोरदार धमाका हुआ। हाई-सिक्योरिटी जोन में १० लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। धमाके के बाद कार में आग लग गई और घना धुआं उठने लगा।
देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम को जोरदार धमाके से दहल गई, यहां के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर १ के पास करीब ७ बजे जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके में १० लोगों की मौत और ५० लोग घायल हुए। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में धमाके के बाद भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी हाई-अलर्ट जारी कर दिया गया है, जिसके चलते चप्पे-चप्पे पर चौकसी बढ़ा दी गई। मुंबई पुलिस को सतर्कता के आदेश दिए गए हैं। इसी के साथ ही महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लाल किला ब्लास्ट एक सामान्य धमाका नहीं। एक बड़ा बम ब्लास्ट है। धमाके का असर २०० मीटर तक देखने को मिला। लोगों के शरीर के चिथड़े उड़ गए। शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि यह कोई आतंकी घटना थी या कोई दुर्घटना। दिल्ली फायर चीफ ने बताया कि इस धमाके में छह कार, २ बैटरी रिक्शा और एक ऑटो चपेट में आए। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखीं। एक चश्मदीद ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि आस-पास की इमारतें हिल गर्इं। धमाके के बाद कार में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि इसने आसपास की ३-४ गाड़ियों को अपने चपेट में ले लिया।
चप्पे-चप्पे पर नजर
मुंबई के संवेदनशील इलाकों में गश्त और नाकेबंदी बढ़ा दी गई। रेलवे स्टेशनों, मॉल, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। वहीं, देश के कई अन्य हिस्सों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर कोलकाता और बिहार तक में अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

`जब हमने सड़क पर किसी का हाथ देखा, तो हम बिल्कुल चौंक गए। मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता।’
-चश्मदीद यासीन

अन्य समाचार