मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा के विधायकों में भिड़ंत...दरेकर को समझाओ वर्ना होगा बहुत बुरा!

भाजपा के विधायकों में भिड़ंत…दरेकर को समझाओ वर्ना होगा बहुत बुरा!

– मनीषा चौधरी ने सीएम से की शिकायत

-मामला विकास फंड के इस्तेमाल का

सामना संवाददाता / मुंबई

जैसे-जैसे मुंबई में मनपा का चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे अपने-अपने लोगों को एडजस्ट करने के लिए भाजपा नेताओं में जमकर भिड़ंत देखने को मिल रही है। दहिसर में तो यह मामला चरम पर पहुंच गया है। यहां दो स्थानीय विधायक मनीषा चौधरी और प्रवीण दरेकर के बीच टशन है। हालत यहां तक पहुंच गई कि मनीषा चौधरी को सीएम से शिकायत तक करनी पड़ी।
दरअसल, प्रवीण दरेकर दहिसर विधानसभा क्षेत्र में अपने फंड का अच्छा- खासा हिस्सा खर्च कर रहे हैं। वह अपने लोगों को दहिसर में मजबूत बनाकर चुनावी मैदान में उतारना चाहते हैं, जबकि दहिसर विधानसभा में उनकी घुसपैठ से स्थानीय विधायक मनीषा चौधरी की हालात खराब हो गई है। दरेकर के फंड का दहिसर में उपयोग होने से मनीषा चौधरी की राजनीतिक जमीन खिसक रही है। मनीषा चौधरी के क्षेत्र में प्रवीण दरेकर के हस्तक्षेप से उनके संगठन को जहां नुकसान हो रहा है, वहीं उनकी एक तरफा राजनीति को भी झटका लगता दिख रहा है। सूत्रों का दावा है कि उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सीधे फोन करके शिकायत की है। सूत्रों के अनुसार, मनीषा चौधरी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फोन पर कहा कि दरेकर पर रोक लगाओ, अन्यथा दहिसर की राजनीति में दरेकर के चलते परिणाम बुरा आएगा। मनीषा चौधरी ने साफ कहा कि अगर वह दहिसर में हस्तक्षेप कर रहा है तो फिर मेरा कोई काम नहीं है, मैं घर बैठ जाती हूं। इस बारे में मनीषा चौधरी ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। उनसे कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने जवाब देना उचित नहीं समझा। बता दें कि उत्तर मुंबई में भाजपा और शिंदे गुट के बीच पहले से टकराहट रही है। ऐसे में दो भाजपा विधायकों का आपस में भिड़ जाना कार्यकर्ताओं को असमंजस में डाल रहा है।

अन्य समाचार