राधेश्याम सिंह / विरार
दिल्ली में हालिया धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में वसई-विरार और पालघर जिले में पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। रेलवे स्टेशनों, बस डिपो और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। हर जगह पुलिस बल तैनात है और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और पार्सल एरिया में डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन टीमें सक्रिय हैं। पुलिस ने होटलों, लॉज और सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। वसई, विरार, नालासोपारा, पालघर और बोईसर स्टेशनों पर आने-जाने वाली ट्रेनों की सघन जांच जारी है। यात्रियों के बैग और संदिग्ध सामान की बारिकी से तलाशी ली जा रही है। कुछ यात्रियों ने जांच में लगने वाले समय पर असुविधा जताई, लेकिन अधिकांश नागरिकों ने पुलिस की सतर्कता की सराहना की। नालासोपारा निवासी संगीता आर सिंह ने कहा, “ऐसे समय में पुलिस का सख्त रवैया जरूरी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।” मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। नाका बंदी, वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त बढ़ाई गई है। सागरी इलाकों में भी चौकसी बढ़ाई गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। पुलिस उपायुक्त (परिमंडल 3) सुहास बावचे स्वयं सुरक्षा हालात की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
