राधेश्याम सिंह / वसई
वसई-विरार शहर महानगरपालिका चुनाव को लेकर आज बड़ा ऐलान हुआ। महापालिका मुख्यालय में पीठासीन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. इंदुराणी जाखड़ की अध्यक्षता में वार्डवार आरक्षण (लॉटरी) की घोषणा की गई। जैसे ही सूची घोषित हुई, सभागृह में तालियों की गूंज और समर्थकों के जयकारों से माहौल गरम हो गया।इस बार महिलाओं का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है। कुल 29 प्रभागों में से 50% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं। इसमें 58 महिला उम्मीदवारों को मौका मिलेगा। इनमें SC, ST और OBC वर्ग की महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, पुरुषों के लिए 57 सीटें निर्धारित की गई हैं, 3 SC, 3 ST, 15 OBC और 36 सामान्य पुरुष श्रेणी की। प्रत्येक वार्ड में दो महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा। आरक्षण सूची सामने आते ही लोगों में उत्साह और चर्चा का माहौल बन गया। विरार की निवासी प्रिया तिवारी ने कहा, “इस बार महिलाओं को बड़ी संख्या में मौका मिला है, उम्मीद है कि अब स्थानीय मुद्दों पर महिलाओं की आवाज और बुलंद होगी।”
वहीं, नालासोपारा के राजेश पाठक ने कहा, “आरक्षण तो घोषित हो गया, अब देखना यह है कि कौन-से नए चेहरे मैदान में उतरते हैं और कौन टिकट पाता है।” वहीं राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। अब हर पार्टी अपने संभावित उम्मीदवारों की रणनीति तय करने में जुट गई है। कौन-सी सीट पर कौन उतरता है, और क्या कोई नया चेहरा जनता का दिल जीत पाता है।यह आने वाले दिनों में तय होगा।
