राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर जोन में मंगलवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 35 पर कपारी मोड़ शंकरगढ़ के पास हुई सड़क दुर्घटना में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी व दस साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना दोपहर दो बजे के आसपास हुई। बाइक को रोडवेज बस ने सामने से टक्कर मारी थी। वहां मौजूद लोगों ने घायल मां और बेटा को सीएचसी शंकरगढ़ पहुंचाया जहां से दोनों को प्रयागराज शहर के एसआरएन अस्पताल में रेफर कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार युवक की पहचान रीवा मध्य प्रदेश के फुटौंदा थाना जनेह निवासी प्रदीप द्विवेदी उर्फ कल्लू (34) पुत्र माता प्रसाद द्विवेदी के रूप में हुई है। प्रदीप अपनी पत्नी रंजना और बेटे पवित्र के साथ इलाज के लिए प्रयागराज आ रहा था। प्रयागराज में शंकरगढ़ के कपारी मोड़ पर बांदा जा रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक समेत पूरा परिवार हवा में काफी दूर जाकर गिरा। प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रंजना और बेटा पवित्र हाइवे पर घायल अवस्था में पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची उसने तत्काल घायलों को लोगों की मदद से सीएचसी भेजा, फिर प्रदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
