सामना संवाददाता / पटना
बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान का दूसरा और अंतिम चरण कल समाप्त हो गया। इसके बाद बारी थी एग्जिट पोल की। शाम होते ही सबकी निगाहें टीवी की ओर टिक गर्इं। वहां करीब-करीब सभी सर्वे एजेंसियां एनडीए की सरकार बनना बता रही थीं। जबकि जनता के बीच कुछ अलग ही माहौल दिखा। जनता में महागठबंधन को लेकर काफी उत्साह दिखा और अधिकांश लोगों का यही मानना है कि इस बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने जिस तरह से मेहनत की है, उससे महागठबंधन की सरकार बनना तय है।
विवादों में रहा चुनाव
इस बार का बिहार विधानसभा चुनाव काफी विवादों में भी रहा। मोकामा में हुई जनसुराज नेता की हत्या ने माहौल को काफी गर्मा दिया। साथ ही स्थानीय स्तर पर भी कुछ छोटे नेता-कार्यकर्ताओं की हत्याओं ने मामले को काफी टेंस कर दिया था। इसके अलावा भाजपा की वोट चोरी का मुद्दा भी छाया रहा। ऐसे में देखना है कि १४ नवंबर को क्या रहस्य खुलता है।
