मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिगणेशपुरी में 21 नवंबर से अखंड हरिनाम सप्ताह व ज्ञानेश्वरी पारायण

गणेशपुरी में 21 नवंबर से अखंड हरिनाम सप्ताह व ज्ञानेश्वरी पारायण


देव दीपावली के निमित्त बालयोगी श्री सदानंद महाराज आश्रम में विविध कार्यक्रमों का आयोजन
रवीन्द्र मिश्रा | मुंबई

भिवंडी तालुका के गणेशपुरी में देव दीपावली के अवसर पर 21 नवंबर, सोमवार से अखंड हरिनाम सप्ताह एवं ज्ञानेश्वरी पारायण पाठ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन बालयोगी श्री सदानंद महाराज आश्रम के तत्वावधान में किया गया है। आश्रम के अध्यक्ष गुरुनाथ भोईर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 21 नवंबर से 28 नवंबर तक आश्रम परिसर में विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस अवसर पर अखंड हरिनाम पाठ, ज्ञानेश्वरी पारायण तथा प्रसिद्ध कीर्तनकारों के कीर्तन सत्र होंगे।

इस धार्मिक पर्व में महाराष्ट्र के नामचीन कीर्तनकार अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिनमें नांदुरा (बुलढाणा) की सर्वेश्वरी ताई भिसे, आलंदी के माउली महाराज शिंदे, अकलूज के सुरेश महाराज सूल, जुन्नर (पुणे) की सुप्रिया ताई साठे, अंबरनाथ के विश्वनाथ महाराज वारिंगे, पंढरपुर के सोपान महाराज टेंभूकर और सुपे (बारामती) के प्रमोद महाराज सहित अन्य प्रसिद्ध भजन-कीर्तन कलाकार शामिल हैं। बालयोगी सदानंद महाराज आश्रम का यह 48वां वार्षिक कार्यक्रम होने के कारण यहां पर भारी संख्या में भक्तों के उपस्थित रहने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए आश्रम की ओर से नि:शुल्क भोजन व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ 21 नवंबर को देव दीपावली के पावन अवसर पर बालयोगी सदानंद महाराज के हस्ते दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया जाएगा। इससे एक दिन पहले, 20 नवंबर को तुंगारेश्वर से गणेशपुरी तक भव्य पोथी यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर में भक्तों के लिए बलंगवाडी घाटेघर में भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है।आयोजन के दौरान 27 नवंबर को सामूहिक विवाह समारोह का भी आयोजन किया गया है, जिसमें अनेक जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे।

अन्य समाचार