मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड पर आधारित हैं फ़िल्म!
जेदवी/ मुंबई
सच्ची घटना पर आधारित बहुचर्चित फिल्म ‘शेल्टर होम’ का पोस्टर लॉन्च कर दिया गया है। यह फिल्म आगामी 28 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। पोस्टर लॉन्च के बाद से ही फिल्म को दर्शकों और फिल्म समीक्षकों की ओर से बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है और अब दर्शक इसके रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म बिहार के मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड पर आधारित है। एक ऐसी घटना जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। फिल्म को पहले ही अगस्त 2024 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (यूके) में प्रदर्शित किया जा चुका है, जहां इसे अपने सामाजिक विषय और यथार्थपरक प्रस्तुति के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली।
फिल्म के गीतों को जाने-माने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने कोरियोग्राफ किया है, जिनके निर्देशन में हिना पांचाल ने भी परफॉर्म किया है। वहीं, फिल्म का छायांकन प्रसिद्ध डीओपी नजीब खान ने किया है, जो ‘गदर’ सहित कई सुपरहिट फिल्मों से जुड़े रहे हैं। ‘शेल्टर होम’ की एक खासियत यह भी है कि इसका निर्माण चार महिला निर्माताओं — वैशाली देव, बीना शाह, मुन्नी सिंह और खुशबू सिंह द्वारा किया गया है। इन चारों ने एक गंभीर सामाजिक विषय पर फिल्म बनाकर महिलाओं की सशक्त भागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
फिल्म का निर्देशन और लेखन कुमार नीरज ने किया है। सह-निर्माता मोहम्मद शफीक, संगीतकार रतन रवानी और तेजस्वी राज हैं। वहीं, गायक-संगीतकार रोशन सिंह काशी, गायिका इशिता विश्वकर्मा और रितु पाठक ने अपने सुरों से संगीत को जीवंत बनाया है।
फिल्म में राजवीर सिंह, अक्षय वर्मा, नाज़नीन पटनी, निशाद राज राणा, उरज़ान इच्छापोरिया, दिव्या त्यागी, अनामिका पांडे, सनीषा मौर्या, आशीष सिंह चौहान, जयप्रकाश शुक्ला (जेपी), अनिल कुमार यादव, दीपक शर्मा, प्राची मिश्रा, डॉ. अभिनव श्रीवास्तव, नवनीत कुमार, रोहित भारद्वाज और शक्ति कुमार जैसे कलाकार अपनी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘शेल्टर होम’, स्पार्क मीडिया और एएए प्लैनेटरी फिल्म्स के बैनर तले निर्मित, एक सामाजिक सच्चाई को पर्दे पर उतारने का साहसिक प्रयास है। दर्शकों को अब इंतजार है इस फिल्म के सिनेमाघरों में प्रदर्शन का, जो समाज की कड़वी हकीकतों से रूबरू कराने का काम करेगी।
