मुख्यपृष्ठस्तंभतड़का : रिश्तों में वफादारी जरूरी

तड़का : रिश्तों में वफादारी जरूरी

कविता श्रीवास्तव

बंगलुरु के एक डॉक्टर ने अपनी डॉक्टर पत्नी की जान ले ली और फिर दूसरी महिलाओं को मैसेज करके बताया कि उसने उनके लिए अपनी पत्नी की जान ली है। इस तरह के नृशंस कृत्य को अपनी उपलब्धि की तरह पेश करनेवाले डॉक्टर की मन:स्थिति को देख समझ में आता है कि उसकी मानसिकता कितनी आपराधिक होगी। उसने न केवल एक महिला का जीवन समाप्त किया, बल्कि उससे जुड़े परिजनों को भी शोकाकुल किया। किसी को जान से मारने की मानसिकता एक या दो दिन में नहीं पनपती। हालांकि, कुछ मनोरोग विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे लोग मानसिक रोगी नहीं होते, बल्कि इसका संबंध उनकी भावनाओं से जुड़ा होता है। किसी बात का दुख, परेशानी, विश्वासघात या उलझन हो सकती है। ऐसे लोगों की पहचान कर लेनी चाहिए। उनके व्यवहार की नियमित निगरानी से उनकी समस्या समझी जा सकती है। इस राय से अलग यह भी ध्यान देना चाहिए कि डॉक्टरी जैसे जिम्मेदार पेशे से जुड़ा व्यक्ति हत्या जैसे अपराध को सहजता से बताकर उसे स्वीकार करता है। वह भी किसी उपलब्धि की तरह। वह अपनी पत्नी की हत्या करके दूसरे से कौन सा प्रेम जताना चाहता है, ये तो वो ही जाने। प्रश्न यह भी उठता है कि क्या इस प्रेम के बाद उसकी अपराधी प्रवृत्ति खत्म हो जाएगी? उसकी आपराधिक हरकत के बाद भी कोई उससे प्यार करके अपना ले तो इससे समाज में क्या संदेश जाएगा? उस डॉक्टर के आपराधिक कृत्य पर कानूनी तौर पर सख्त सजा देना ही सबसे बेहतर संदेश है। सोची-समझी योजना बनाकर हत्या करनेवाला दया का पात्र नहीं होना चाहिए। पति-पत्नी के बीच भावनात्मक संबंध होता है? आमतौर पर रोजमर्रा के जीवन में टकराव की स्थिति पनपती है, लेकिन आपसी समझदारी से तालमेल बनाकर जीवन आगे बढ़ाना होता है। एक-दूसरे से दूरी बनाकर रखना, पार्टनर की बातों को नजरअंदाज करना, प्रेम संबंध समाप्त कर देना कलह बढ़ाता है। छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करके एक-दूसरे की जरूरतों को ध्यान में रखकर संबंधों को बेहतर बनाया जा सकता है। पति-पत्नी के रिश्ते को सुधारने के लिए खुलकर बातचीत करनी चाहिए। अच्छे रिश्तों के लिए एक-दूसरे का सम्मान, सराहना और सहयोग करना होता है। पति-पत्नी समस्याओं का मिलकर समाधान करते हैं। एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हैं। कठिन समय में परस्पर सहयोग करते हैं। मौका मिलने पर मजाक-मस्ती करते हैं। आज की दौड़ती-भागती जिंदगी में जरूरत है कि लोग अपनी भावनाओं और विचारों को साझा करने के लिए समय निकालें और एक-दूसरे की बातों को ध्यान से सुनें। झगड़े या मनमुटाव के बाद पुरानी बातों को न दोहराएं। एक-दूसरे की प्रशंसा करें और सार्वजनिक रूप से सम्मान दिखाएं। एक-दूसरे के साथ अच्छा समय बिताएं। समस्याओं को मिलकर हल करें और समझौते करने के लिए तैयार रहें। जीवन की चुनौतियों में एक-दूसरे का साथ दें और समर्थन करें। धोखा न दें, एक-दूसरे के प्रति हमेशा वफादार रहें और विश्वास बनाए रखें।

अन्य समाचार