सामना संवाददाता/ सुल्तानपुर
कुशनगरी सुल्तानपुर के गन्ना किसानों के लिये खुशखबरी है। अब यहां के गन्ना किसान अपनी पैदावार हैदरगढ़ चीनी मिल में भी बेच सकेंगे। जिले के कुड़वार इलाके में गन्ना सेंटर मंगलवार को इस बाबत शुभारंभ हो गया है। कुड़वार के गन्ना सेंटर पर रुपापुर गांव के किसान अरविंद सिंह की गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहली तौल हुई। गन्ना समिति के चेयरमैन शिवपाल सिंह गांधी ने फीता काटकर सेंटर का उद्घाटन किया। बता दें कि कुड़वार क्षेत्र में नगदी फसल के रूप में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती की जाती है। जिससे किसानों को आर्थिक संबल मिलता है। सेंटर के समय से चालू होने पर पेड़ी गन्ना किसानों ने खुशी जताई है। साथ ही चीनी मिल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। बता दें कि यूं तो सुल्तानपुर में दशकों से किसान सहकारी चीनी मिल संचालित है लेकिन कम क्षमता होने के कारण गन्ना किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
