मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : यह हो जाएगा!

आउट ऑफ पवेलियन : यह हो जाएगा!

अमिताभ श्रीवास्तव

खिलाड़ियों में टैटू प्रेम चरम पर होता है। टैटू के माध्यम से वो अपनी इच्छा, अपनी भावनाएं भी प्रकट करते हैं। एक तरह से टैटू उनका संबल भी है और पैâशन तो है ही। अब धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का टैटू चर्चा में है। पिछले दिनों दुनिया के इस नंबर-१ टी२० बल्लेबाज, जो अपने विस्फोटक स्ट्रोक्स और शांत आत्मविश्वास के लिए जाने जाते हैं, ने अपनी कलाई पर एक नया टैटू बनवाया है जो खेल के प्रति उनके नजरिए को बखूबी दर्शाता है, ‘यह हो जाएगा।’ कुछ ही घंटों में वायरल हुए एक इंस्टाग्राम पोस्ट में अभिषेक के दाहिने हाथ की कलाई पर बने नए टैटू का खुलासा प्रशंसकों के सामने हुआ। ‘यह हो जाएगा’ का सरल, लेकिन प्रभावशाली वाक्य, क्रिकेट प्रेमियों के बीच तेजी से चर्चा का विषय बन गया है, जो क्रीज पर उनके आत्मविश्वास और निडर रवैये का प्रतीक है। इस पोस्ट को पहले १० घंटों में ही लगभग एक लाख लाइक्स मिल गए और प्रशंसकों व साथी क्रिकेटरों ने २५ वर्षीय अभिषेक के सकारात्मक दृष्टिकोण की प्रशंसा की। अभिषेक ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर टैटू की तस्वीरें भी साझा कीं, जिससे प्रशंसकों को उनके नवीनतम टैटू की नजदीकी झलक मिली। ‘यह हो जाएगा’ वह सूक्त वाक्य है, जिसमें आदमी का मनोबल ऊंचा रहता है। पराजय के क्षणों में यह वाक्य उसे फिर से जीत की ओर धकेलने में मदद करता है। तो अब अभिषेक से वह सब कुछ हो जाएगा, जो वो करना चाहते हैं।
क्या डब्ल्यूपीएल में होंगी अनाया?
सोशल मीडिया पर पुरुष से महिला बनीं संजय बांगर की पुत्री अनाया खूब वायरल हैं। वैसे वो जेंडर बदलवाने के उन क्षणों से चर्चा में हैं जब उन्होंने पहली बार ऑपरेशन करवाया था। अब अनाया पूरी तरह से एक लड़की हैं। क्रिकेट उनका खेल रहा है और खबर है कि वो अब महिला क्रिकेट में किस्मत आजमाने पर जोर देने लगी हैं। अनाया का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा, जिसमें वो क्रिकेट की प्रैक्टिस करती नजर आ रही हैं। अनाया ने यह तो कहा है कि वो क्रिकेट खेलना चाहती हैं, मगर किस टीम से वो खेलेंगी या कोई क्लब या टीम उन्हें लेगा, यह जानकारी नहीं है। बावजूद उनके डब्ल्यूपीएल में खेलने की अटकलें तेज हो गई हैं और वह भी बेंगलुरु की टीम से। हालांकि, अभी तक बेंगलुरु टीम की तरफ से ऐसा कोई बयान नहीं आया है कि वो अनाया को लेना चाहती है और न ही नीलामी में अनाया का नाम है। परंतु अनाया की क्रिकेट प्रैक्टिस जोरों पर चल रही है और वो महिला क्रिकेट से अपनी नई पारी शुरू करना चाहती हैं। सोशल मीडिया पर सुर्खियां बनी अनाया को लेकर तरह-तरह की बातें कही जा रही हैं। कोई कह रहा है कि चूंकि पुरुष टीम में वो जा नहीं सकीं इसलिए महिला बनीं और महिला टीम में घुसने की तैयारी कर रही हैं। लेकिन ऐसा नहीं है क्योंकि कोई इस एकमात्र कारण से अपना लिंग परिवर्तन नहीं करवाता। यह लंबी प्रोसेस होती है और बहुत कष्ट झेलने होते हैं। बहरहाल, अनाया अपने आपको स्थापित करने के लिए संघर्ष कर रही हैं, यह सच है।

अन्य समाचार