मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति सरकार का ‘घोषणा शो’ जारी ... मुंबईकरों को वरली-शिवड़ी उड़ान पुल,...

महायुति सरकार का ‘घोषणा शो’ जारी … मुंबईकरों को वरली-शिवड़ी उड़ान पुल, ‘पाताल लोक’ टनल का लॉलीपॉप!

-५-७ सालों में चेहरा बदलने के वादों की गूंज
-विपक्ष का सवाल, अभी तक शुरू ही नहीं हुए पुराने प्रोजेक्ट, फिर क्यों दिखाए जा रहे नए के सपने

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने एक बार फिर ‘घोषणा शो’ शुरू कर दिया है, जिसमें मुंबई के आधारभूत ढांचे को ५-७ सालों में चेहरा बदलने के बड़े-बड़े वादों की गूंज सुनाई दे रही है। इस बार मुंबईकरों को वरली-शिवड़ी फ्लाईओवर और ‘पाताल लोक’ टनल जैसे नए और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का ‘लॉलीपॉप’ दिया जा रहा है। खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन घोषणाओं के माध्यम से भविष्य की स्वर्णिम तस्वीर पेश की है। हालांकि, विपक्ष ने सीधा सवाल किया है कि जब सरकार पहले से घोषित पुराने प्रोजेक्ट्स को अभी तक शुरू ही नहीं कर पाई है तो ऐसे में मुंबईकरों को पूरा न होनेवाले नए सपने क्यों दिखाए जा रहे हैं। विपक्ष का मानना है कि यह केवल चुनावी माहौल में जनता का ध्यान भटकाने और निराशा से बचाने के लिए उठाया गया कदम है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुंबई में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भारत का संयुक्त राष्ट्र के लिए अंतर्राष्ट्रीय आंदोलन के युवा संपर्क सत्र में बोलते हुए एक बड़ा समाधान प्रस्तुत किया है। उन्होंने ‘पाताल लोक’ नाम से एक विशाल भूमिगत सुरंग नेटवर्क और वरली से शिवड़ी के बीच एक नया उड़ान पुल बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अगले ५-७ वर्षों में मुंबई का आधारभूत विकास तेजी से होगा। हालांकि, मुख्यमंत्री की इन मेगा घोषणाओं पर विपक्ष ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। वरली-शिवड़ी फ्लाईओवर और ‘पाताल लोक’ टनल जैसी परियोजनाओं के लिए ५ से ७ सालों की समयसीमा देना महज चुनाव केंद्रित ‘लॉलीपॉप’ है। मुंबई में घोषित पुराने प्रोजेक्ट्स को लटकाए रखा है, तो फिर हजारों करोड़ के इन नए सपनों को दिखाने का क्या मतलब है? यह केवल जनता का ध्यान भटकाने की रणनीति है, ताकि लोग सरकार की असफलता और कार्यों की धीमी गति को भूल जाएं। सत्ताधारी पार्टी ५-७ साल बाद की तस्वीर दिखाकर मौजूदा कुप्रशासन और घोटालों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।

चुनावी मौसम में `हवाई बातें’
मुख्यमंत्री द्वारा ‘पिक्चर अभी बाकी है’ जैसे जुमलों का इस्तेमाल और एसी लोकल का किराया न बढ़ाने का दावा चुनावी मौसम में हवाई बातों से ज्यादा कुछ नहीं लग रहा है। विपक्ष का कहना है कि मुंबई लोकल को एसी करने का खर्च और ‘पाताल लोक’ जैसे जटिल भूमिगत नेटवर्क का निर्माण खर्च हजारों करोड़ होगा। इतनी बड़ी वित्तीय योजना को बिना टिकट दरों में वृद्धि के वैâसे पूरा किया जाएगा, इस पर सरकार की तरफ से कोई ठोस वित्तीय रोडमैप पेश नहीं किया गया है। यह केवल मुंबईकरों को लुभाने के लिए किया गया `घोषणा शो’ है।

अन्य समाचार