-पार्सल देने के बहाने कर रहे हैं ‘गंदी बात’
-भायखला, कोलाबा और कफ परेड में मामले दर्ज
फिरोज खान / मुंबई
मुंबई में इन दिनों डिलिवरी ब्वॉयज डेंजरस बनते जा रहे हैं। इनकी गंदी हरकतों से महिलाएं परेशान हो रही हैं। डिलिवरी ब्वॉयज कहीं पर डिलिवरी करते वक्त महिलाओं को जबरन ‘किस’ कर रहे हैं तो कहीं गुप्त अंगों को छूकर शर्मसार कर रहे हैं। इतना ही नहीं, डिलिवरी ब्वॉयज गंदे मैसेज भेजकर महिलाओं को परेशान कर रहे हैं। जब कोई महिला किसी डिलिवरी ब्वॉय के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाती है तो उसे धमकी भी दी जाती है।
हालत यह है कि घर में अकेले रहनेवाली महिलाओं को ऑनलाइन सामान मंगवाने में डर भी लगने लगा है। पुलिस अभी कुछ मामलों की जांच कर ही रही थी कि एक और मामला सामने आ गया। ताजी घटना भायखला की है। वहां रहने वाली एक महिला ने एक डिलिवरी ब्वॉय के खिलाफ पीछा करने, धमकी देने और अश्लील मैसेज भेजने की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, गत २३ सितंबर को एक महिला ने ऑनलाइन ऐप के माध्यम से घर के लिए किराने के सामान का ऑर्डर किया था। शाम करीब ४ बजे एक डिलिवरी ब्वॉय सामान लेकर घर पहुंचा, लेकिन ऑर्डर का कुछ सामान उपलब्ध न होने पर उसने रिफंड लेकर लौटने का बहाना बनाते हुए महिला से उसका मोबाइल नंबर ले लिया। अगले दिन २४ सितंबर को कॉल कर उसने रिफंड की जानकारी दी, जिसे महिला ने एक सामान्य कॉल समझकर धन्यवाद कहा। इसके बाद आरोपी ने महिला को परेशान करना शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, डिलिवरी ब्वॉय ने उसका व्हॉट्सऐप नंबर सेव कर अश्लील संदेश भेजना शुरू कर दिया। इसके बाद भी आरोपी की हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही थीं। उसने फिर से अश्लील मैसेज भेजे और हरकतें जारी रखीं। फिर उसने एक नए नंबर से फिर उसको व्हॉट्सऐप संदेश भेजकर अकेले मिलने का प्रस्ताव रखा। ऐसा करने से इनकार करने पर डिलिवरी ब्वॉय ने धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद लगातार छेड़छाड़, पीछा करना और धमकियों का सिलसिला शुरू हो गया। पीड़िता ने तंग आकर भायखला पुलिस में जाकर एफआईआर दर्ज करवा दी। गत महीने कोलाबा पुलिस ने एक ४३ साल के डिलिवरी ब्वॉय को कोलाबा की एक रेजिडेंशियल बिल्डिंग में ८ साल की लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मामले में उसके खिलाफ कोलाबा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। इससे पहले कफ परेड में एक डिलिवरी ब्वॉय ने एक महिला को गलत तरीके से छूकर उसका यौन उत्पीड़न किया था।
