मुख्यपृष्ठनए समाचारदिल्ली के बाद अब लखनऊ में अलर्ट ...स्कूलों, सरकारी भवनों को उड़ाने...

दिल्ली के बाद अब लखनऊ में अलर्ट …स्कूलों, सरकारी भवनों को उड़ाने की धमकी

मॉल के बाथरूम में मिले पत्र से मचा हड़कंप
लखनऊ में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के मशहूर लुलु मॉल में एक संदिग्ध चिट्ठी मिली। इस चिट्ठी में कई स्कूलों और सरकारी भवनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। पत्र में साफ लिखा था कि आने वाले २४ घंटों में लखनऊ की कई प्रमुख इमारतों में विस्फोट किया जाएगा। यह खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। चिट्ठी में धमकी देने वाले का न तो नाम था और न ही किसी संगठन का जिक्र। यही वजह है कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। धमकी भरा लेटर किसने और कब रखा- यह पता लगाने के लिए पुलिस ने मॉल के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
पूरे शहर में अलर्ट जारी
धमकी मिलते ही लखनऊ पुलिस ने शहरभर में बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। हजरतगंज, विधान भवन, सचिवालय, मॉल, बड़े बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। हर आने-जाने वाले वाहन की जांच की जा रही है और संदिग्ध वस्तुओं को तत्परता से चेक किया जा रहा है।
पुलिस ने की लोगों से अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है, लेकिन किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
जगह-जगह बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड तैनात
धमकी को ध्यान में रखते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड को भी सक्रिय कर दिया गया है। दोनों टीमें लगातार इमारतों, पार्कों, पब्लिक प्लेस, स्कूलों और सरकारी दफ्तरों में चेकिंग कर रही हैं। कहीं कोई संदिग्ध बैग, पैकेट या वस्तु न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य) जितेंद्र दुबे ने बताया कि लेटर में जिन स्कूलों और महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों का नाम लिखा गया है, वहां तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। किसी भी खतरे को रोकने के लिए पूरी यूनिट लगातार इलाके की निगरानी कर रही है।

अन्य समाचार