मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : क्रिकेट में बवाल, हेलमेट पर फिलिस्तीनी झंडा

आउट ऑफ पवेलियन : क्रिकेट में बवाल, हेलमेट पर फिलिस्तीनी झंडा

अमिताभ श्रीवास्तव

अब यह बवाल पैदा करने की साजिश ही तो है कि अपने हेलमेट पर फिलिस्तीनी झंडा लगाकर खेलने उतरा जाए। भारत में फिलिस्तीनी प्रेम बार-बार उभर कर सामने आ रहा है। यहां आखिर क्या जरूरत है? मगर जब ऐसे दृश्य देखने को मिलते हैं तो सोचने पर मजबूर हुआ जाता है कि यह मानसिकता क्या है? जी हां, जम्मू कश्मीर में एक क्रिकेटर की मनमानी देखने को मिली। हेलमेट पर फिलिस्तीन का झंडा लगाकर वो क्रीज पर उतरा, जब विवाद गहराया तो टीम के मैनेजर ने भी हाथ खड़े कर दिए। जम्मू-कश्मीर चैंपियंस लीग ने अचानक सभी का ध्यान खींच लिया है। लीग मैच के दौरान एक खिलाड़ी की मनमानी बवाल में तब्दील हो गई। यह खिलाड़ी ‘फिलिस्तीन का झंडा’ वाला हेलमेट पहनकर मैदान में उतरा, मुद्दे ने तूल पकड़ा और अब पुलिस से लेकर बात एजेंसियों तक पहुंच चुकी है। टीम के मैनेजर ने भी इस कंट्रोवर्सी से हाथ खड़े कर लिए हैं और बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेटर फुरकान भट्ट के हेलमेट पर फिलिस्तीन का झंडा देखा गया, मैच के बाद इसपर सवाल उठे और मुद्दा पुलिस तक पहुंच गया। बखेड़ा खड़ा होने के बाद ये मुद्दा पलक झपकते जांच एजेंसियों के संज्ञान में आ गया। अब इसपर नया अपडेट है कि क्रिकेटर फुरकान भट्ट को जम्मू चैंपियंस लीग में खेलने के लिए बैन कर दिया गया है। रिपोर्ट्स में बताया गया कि इस क्रिकेटर पर इसके लिए एफआईआर भी दर्ज हो सकती है। जम्मू कश्मीर चैंपियनशिप में कुल १० टीमें भाग ले रही थीं। इसमें से एक टीम के एक प्लेयर फुरकान भट्ट ने अपने हेलमेट के ऊपर फिलिस्तीन का झंडा लगाया था। जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी फुरकान भट्ट ने एक दूसरी टूर्नामेंट के एक मैच में इसी तरह से फिलिस्तीन का झंडा हेलमेट पर लगाकर मैच खेला है। इस टूर्नामेंट का टोटल विनिंग प्राइज १० लाख रुपए था। ये एक निजी टूर्नामेंट था, जिसकी जानकारी जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन को भी नहीं थी और ना ही पुलिस को इसकी जानकारी साझा की गई थी। इसके अलावा लोकल पब्लिक को भी इसमें नहीं बुलाया गया था। यह पहली बार नहीं है, कानूनी जानकारों के मुताबिक, खेल आयोजनों के दौरान प्रतीकों, झंडों या संदेशों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इस मुद्दे के लिए खेल के आयोजक पर भी एक्शन हो सकता है।
साड़ी में लौरा
दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट अपनी खूबसूरती के लिए पहचानी जाती है। लौरा को भारतीय परिधान बहुत पसंद है, खासतौर पर साड़ी। साड़ी में लौरा कई बार अपने फोटो शूट करा चुकी है। लौरा खुद कहती है कि उसकी खूबसूरती साड़ी में बढ़ जाती है। लौरा को पिछले साल नवंबर के महीने में टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। वोल्वार्ड्ट ने अपना पहला इंटरनेशनल क्रिकेट ७ फरवरी २०१६ को इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। लौरा वोल्वार्ड्ट ने अब तक १६७ इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें तीन टेस्ट मैच, ९८ वनडे मैच और ६६ टी२० इंटरनेशनल शामिल हैं। वोल्वार्ड्ट के नाम इन तीनों फॉर्मेट्स में कुल ५९४३ रन हैं। लौरा वोलवार्ड्ट को क्रिकेट के अलावा कई अन्य खेल खेलना पसंद है। उन्हें गोल्फ, राफ्टिंग और सर्पिंग जैसे खेल पसंद हैं। वोलवार्ड्ट इन खेलों की तस्वीरें शेयर करती रहती हैं।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार