मुख्यपृष्ठसमाचारकल्याण में ऐतिहासिक पहल, पहली बार टिकट चेकिंग कर्मचारी का सेवानिवृत्ति समारोह...

कल्याण में ऐतिहासिक पहल, पहली बार टिकट चेकिंग कर्मचारी का सेवानिवृत्ति समारोह न्यायालय की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न

 

कल्याण: कल्याण में रेलवे टिकट चेकिंग विभाग के इतिहास में एक नई और ऐतिहासिक पहल देखने को मिली। पहली बार किसी टिकट चेकिंग कर्मचारी का सेवानिवृत्ति समारोह लोहमार्ग न्यायालय, कल्याण के माननीय न्याय दंडाधिकारी प्रथम वर्ग की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित किया गया। यह विशेष कार्यक्रम रेलवे के मुख्य टिकट निरीक्षक ओमकार गोसावी एवं पी. बुनकर के सम्मान में संपन्न हुआ, जो पूरे टिकट चेकिंग परिवार के लिए गौरव का विषय रहा।

इस अवसर पर लोहमार्ग न्यायालय, कल्याण के माननीय न्याय दंडाधिकारी प्रथम वर्ग वी. पी. शिंदे स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे दोनों अधिकारियों को अपने करकमलों से आशीर्वाद प्रदान किया। न्यायपालिका स्तर से टिकट चेकिंग सेवाओं को मिला यह सम्मान समारोह को विशेष महत्व और ऐतिहासिक पहचान दिलाने वाला साबित हुआ।

कार्यक्रम में टिकट चेकिंग स्टाफ वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ए. के. गर्ग, डी. वेंकट रमन, एस. के. सांबरे, अभय कांबले, नगेंद्र मिश्रा, अनिल मिश्रा, कृष्ण कुमार शर्मा, साकेत शर्मा, जयवंत शिरसाट, कल्याण कोर्ट बैच के इंचार्ज रोहित मिश्रा, उत्कर्ष मालवीय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय और संगठित भागीदारी से समारोह भावनात्मक, प्रेरणादायी और स्मरणीय बन गया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान कल्याण स्टेशन और लोहमार्ग न्यायालय परिवार के बीच आपसी सम्मान, सहयोग और आत्मीयता का अनूठा संगम देखने को मिला। सेवानिवृत्त हो रहे दोनों अधिकारियों की ईमानदार सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को भावुक शब्दों, सम्मानपत्रों और शुभकामनाओं के साथ याद किया गया, जिससे वातावरण में सकारात्मकता और प्रेरणा का संचार हुआ।

अन्य समाचार