राजेश सरकार
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में एक अधिकारी के घर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ पुलिस ने किया है। पुलिस ने घर से चार युवतियां एवं पांच युवक को आपत्तिजनक हालत में छापे के दौरान पकड़ा। मौके पर बहुत सारी आपत्तिजनक वस्तुएं भी पुलिस को मिली है। शहर के नई बस्ती कीडगंज का मामला है। स्थानीय पुलिस ने बस्ती के कुछ लोगों की शिकायत पर रविवार को घर में छापा मारा था। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि यह घर किसी महिला एडीएम का है लेकिन बस्ती के कुछ लोगों का कहना है कि महिला एडीएम ने यह घर भेज दिया है। पूरे मामले की पुलिस गहन जांच में जुटी है। मौके पर पकड़े गए युवक एवं युवतियों को एक निजी वाहन से कीडगंज थाने ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने पर इसकी सत्यता परखी गई। फिर रविवार दोपहर को घर पर छापा मारा गया। अंदर मौजूद लोग दरवाजा नहीं खोल रहे थे तो पुलिस टीम दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। टीम का नेतृत्व एसीपी राजीव यादव और थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह कर रहे थे। अंदर दो अलग-अलग कमरें में चार युवतियां एवं चार युवकों को आपत्तिजनक हालत में देखा गया जिनको हिरासत में लिया गया। इनकी पहरेदारी कर रहे सरगना सर्वेश द्विवेदी को भी गिरफ्तार किया गया है। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि यह घर तीन महीने पहले उसने परिवार संग रहने के एग्रीमेंट पर 15 हजार रुपये माह पर किराया में लिया है। उसने बताया कि घर के मालिक और मालकिन आईआरएस तथा आईएएस अधिकारी हैं। पकड़ा गया सरगना सर्वेश शहर के पुराने दरियाबाद मोहल्ले में रहता है। छापेमारी में पकड़ी गई दो लड़कियां पश्चिम बंगाल और वाराणसी की हैं। जबकि दो लड़कियां प्रयागराज शहर की हैं। बंगाल की लड़की सोशल प्लेटफार्म पर सर्वेश के सम्पर्क में आई थी। फिर प्रयागराज चली आई।
