भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर टीम इंडिया में जगह नहीं मिल पाई है। बीसीसीआई ने ११ जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान किया, लेकिन इसमें शमी का नाम शामिल नहीं था। फैंस को उम्मीद थी कि २०२६ की पहली सीरीज में अनुभवी गेंदबाज को मौका मिलेगा, मगर चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद शमी का चयन न होना कई सवाल खड़े कर रहा है। कुछ क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि बोर्ड अब उनसे आगे बढ़ने का मन बना चुका है और यह उनके अंतर्राष्ट्रीय करियर के अंत का संकेत हो सकता है। सोशल मीडिया पर शमी के फैंस काफी भावुक नजर आए। कई यूजर्स ने उनकी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मौजूदा टीम चयन से ऐसा लगता है कि शमी का इंटरनेशनल सफर अब समाप्ति की ओर है। उनके समर्थन में भावनात्मक पोस्ट्स की बाढ़ आ गई है।
