सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार सम्मानित जगह नहीं दिए जाने के कारण खुद की पार्टी पर हमलावर हैं। वे लगातार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य नेताओं सहित महायुति सरकार को टारगेट कर रहे हैं। उनकी नाराजगी उनके जिले के विधायक जोरगेवार को लेकर है। सीएम फडणवीस सुधीर मुनगंटीवार को दरकिनार करने के लिए जोरगेवार को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसे लेकर इन दोनों के बीच की अंदरूनी जंग अब सड़क पर आ चुकी है।
किशोर जोरगेवार और सुधीर मुनगंटीवार के बीच चला आ रहा टकराव अब चंद्रपुर मनपा चुनाव में पूरी तरह सतह पर आ गया है। स्थिति यह है कि उम्मीदवारों को फॉर्म वितरण से लेकर एबी फॉर्म तक हर स्तर पर गुटबाजी का खुला प्रदर्शन किया जा रहा है। इस आपसी संघर्ष का सबसे बड़ा नुकसान भाजपा के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को उठाना पड़ रहा है, जो असमंजस और भ्रम की स्थिति में हैं। पार्टी संगठन पूरी तरह बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। भाजपा शीर्ष नेताओं को भी समझ में नहीं आ रहा है कि इन दोनों की लड़ाई को वैâसे संभाला जाए। इसी राजनीतिक अराजकता के बीच कल फडणवीस का चंद्रपुर मनपा चुनाव के प्रचार के लिए दौरा तय किया गया, लेकिन इस दौरे के दौरान फडणवीस दोनों नेताओं के टकराव के मामले में बोलने से बचाते रहे। भाजपा की अंदरूनी हालत यह है कि सत्ता में रहते हुए भी पार्टी अपने ही घर को संभालने में नाकाम नजर आ रही है।
