मुख्यपृष्ठनए समाचारदादा गुट को बड़ा झटका... उम्मीदवार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज... ५०...

दादा गुट को बड़ा झटका… उम्मीदवार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज… ५० लाख की रंगदारी मांगी और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

सामना संवाददाता / मुंबई

अजीत पवार गुट ने इस मनपा चुनाव में जमकर गुंडों को टिकट दिया है, जिसके चलते उनकी छवि धूमिल होती दिख रही है। रविवार को एक और मामले में दादा गुट पर बट्टा लगा है। उनकी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता एवं उम्मीदवार पर आत्महत्या के लिए उकसाने और ५० लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला पुणे में दर्ज किया गया है।
पुणे मनपा चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में उबाल आया हुआ है। इसी बीच दादा गुट को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रभाग क्रमांक ३५ से उम्मीदवार फारुख इनामदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आपराधिक आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। प्रभाग ४१ के निवासी सादिक कपूर की आत्महत्या के मामले में लष्कर पुलिस स्टेशन में फारुख इनामदार सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, सादिक कपूर द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में फारुख इनामदार का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज है। यही नहीं, मृतक के हाथ पर भी इनामदार का नाम लिखा हुआ पाया गया, जिससे मामला और भी सनसनीखेज बन गया है। पुणे पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की है। शिकायत और सुसाइड नोट के अनुसार, फारुख इनामदार ने सादिक कपूर से ५० लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी और उन्हें लगातार धमकाया जा रहा था। जमीन के लेन-देन से जुड़े विवाद और कथित दबाव के चलते सादिक कपूर ने यह कदम उठाया, ऐसा पुलिस का कहना है। बता दें पुणे में पहले से ही अजीत पवार पर असामाजिक तत्वों को टिकट देने का आरोप लगा है। अब उनके उम्मीदवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होने से उनकी साख और खराब होती दिख रही है। चुनाव से ठीक पहले सामने आए इस मामले ने राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है।
ऐसे में दादा गुट इस गंभीर आरोप से खुद को अलग कर पाएगा या फिर इसका सीधा असर पुणे मनपा चुनाव पर पड़ेगा, यह सवाल उठने लगा है।

अन्य समाचार