मुख्यपृष्ठनए समाचारकर्नाटक से कारोबारी को काशीमीरा बुलाकर होटल में बनाया बंधक!

कर्नाटक से कारोबारी को काशीमीरा बुलाकर होटल में बनाया बंधक!

-पिस्टल की नोक पर खाते से कराए `२.१७ करोड़ ट्रांसफर

-तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

सुरेश गोलानी / मुंबई

कर्नाटक के एक कारोबारी को धोखे से मुंबई बुलाकर काशीमीरा स्थित होटल में बंधक बनाकर पिस्टल की नोक पर खाते से २.१७ करोड़ रुपए ट्रांसफर करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ३१ वर्षीय शिकायतकर्ता कर्नाटक के शिमोगा जिले में स्थित कृषि-केंद्रित कंपनी का संचालक है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
काशीमीरा पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर में दिए अपने बयान के अनुसार, शिकायतकर्ता को पिछले महीने अंकित नामक व्यक्ति ने संपर्क किया और उनकी कंपनी में निवेश करने का प्रस्ताव रखा। निवेश की औपचारिकता पूरा करने का झांसा देकर कारोबारी को मुंबई बुलाया गया। १५ दिसंबर को मुंबई पहुंचने के बाद शिकायतकर्ता को काशीमीरा स्थित एक होटल का लोकेशन भेजा गया, जहां पहुंचने पर उनकी मुलाकात अंकित के अलावा दो और लोगों से हुई। बिसनेस प्लान के बारे में चर्चा करने के बाद बदमाशों ने शिकायतकर्ता से पिस्टल और चाकू की नोक पर जबरन बैंक डिटेल्स, नेट बैंकिंग आइडी, पासवर्ड, आधार कार्ड और मोबाइल फोन छीनकर दो दिनों तक होटल के कमरे में बंधक बनाकर रखा। तीसरे दिन शिकायतकर्ता को मीरा रोड स्थित दूसरे होटल में शिफ्ट किया गया।
शिकायतकर्ता ने लगाया आरोप
१८ दिसंबर की रात शिकायतकर्ता किसी तरह वहां से भागने में कामयाब हो गया और कुर्ला से बस पकड़कर शिमोगा लौटा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नेट बैंकिंग की आइडी और पासवर्ड का इस्तमाल करके बदमाशों ने १५ से १८ दिसंबर के बीच अवैध रूप से उनके खाते से कुल दो करोड़ १७ लाख ६३ हजार रुपए ट्रांसफर किए थे। पीड़ित ने ३० दिसंबर को ईमेल के माध्यम से महाराष्ट्र पुलिस की आइडी पर शिकायत दर्ज की, जिसके बाद काशीमीरा पुलिस ने उन्हें अपना बयान देने के लिए बुलाया।
तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
तीन बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। व्यापारिक प्रतिस्पर्धा सहित कई अन्य एंगल को खंगालने के अलावा काशीमीरा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर घटनाक्रम की जांच में जुटी है। हालांकि, अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अन्य समाचार