मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा की उपेक्षा के खिलाफ अग्रवाल समाज में आक्रोश!.. किया एकजुटता का...

भाजपा की उपेक्षा के खिलाफ अग्रवाल समाज में आक्रोश!.. किया एकजुटता का प्रदर्शन

सामना संवाददाता / भायंदर

मीरा-भायंदर में अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं जागरूक नागरिकों द्वारा रविवार, ४ जनवरी २०२६ को पपैया ग्राउंड, अमृतवाणी रोड पर एक विशाल आक्रोश सभा का आयोजन किया गया। यह सभा भाजपा द्वारा आगामी मीरा-भायंदर मनपा चुनावों में अग्रवाल समाज की पूर्ण उपेक्षा किए जाने के विरोध में आयोजित की गई थी। उल्लेखनीय है कि भाजपा द्वारा इस चुनाव में अग्रवाल समाज के किसी भी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया गया है।
वक्ताओं ने कहा कि जब मीरा-भायंदर में जनसंघ का झंडा उठाने वाला कोई नहीं था, तब अग्रवाल समाज ने अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों में भी जनसंघ और बाद में भाजपा को तन-मन-धन से समर्थन दिया। उसी संघर्ष और समर्पण के कारण आज भाजपा इस क्षेत्र में एक सशक्त राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हो सकी है, इसके बावजूद समाज की इस प्रकार की अनदेखी न केवल दुर्भाग्यपूर्ण, बल्कि अपमानजनक भी है।
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. नरेंद्र गुप्ता ने सभा की रूपरेखा प्रस्तुत की। सभा को राजेंद्र मित्तल, किशन मोर सहित समाज के कई प्रमुख व्यक्तियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. एम. एल. गुप्ता ने मीरा-भायंदर में सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अग्रवाल समाज के गौरवशाली इतिहास एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अंत में पवन केड़िया ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सभा में धनराज अग्रवाल, भीकमचंद अग्रवाल, अल्केश अग्रवाल, संपत अग्रवाल, मनोज खेमका, मनोज अग्रवाल, डॉ. सुशील अग्रवाल, डॉ. नवल अग्रवाल, मुन्नी अग्रवाल, अनीता गाड़ोदिया और कोमल अग्रवाल सहित समाज के ४०० से अधिक लोगों की उपस्थिति रही।

अन्य समाचार