हिमांशु राज़
अभिनेत्री और सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिद्धिमा शर्मा हाल ही में सुर्खियों में तब आईं जब उन्होंने बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट तान्या मित्तल को स्टाइल करने के बाद भुगतान न मिलने पर खुलकर अपनी बात रखी। शो के दौरान उनकी स्टाइलिंग को खूब सराहा गया, लेकिन जब उन्होंने हक़ की मांग की, तो कुछ फैंस उनके खिलाफ हो गए।ट्रोलिंग और नफरत पर बोलते हुए रिद्धिमा ने कहा कि उन्हें दूसरों की राय से फर्क नहीं पड़ता। “जब आप पब्लिक आई में होते हैं, तो ट्रोलिंग आम है। मेरा मंत्र है—खुद पर भरोसा रखना। मैं ईमानदारी, खामोशी और मेहनत में विश्वास रखती हूं। मेरे शब्दों से ज़्यादा मेरा काम बोलेगा,” उन्होंने कहा।वह बताती हैं कि नेगेटिव कमेंट्स पढ़ना उन्होंने बहुत पहले ही बंद कर दिया था। “कभी-कभी दोस्त या रिश्तेदार बताते हैं, तो मैं उनसे कहती हूं—मुझे न बताएं, क्योंकि मुझे सच में फर्क नहीं पड़ता। मेरे करीबी लोग जानते हैं कि मैं कौन हूं, वही मेरे लिए काफी है।”हालांकि वह विवादों से दूर रहना पसंद करती हैं, लेकिन ज़रूरत पड़ने पर सच सामने रखना उनके लिए अहम है। “अगर कोई गलतफहमी होती है, तो मैं तथ्यों को साफ़ करती हूं—नेगेटिविटी के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शिता और आत्म-सम्मान के लिए,” वह कहती हैं।अपने मानसिक संतुलन को लेकर रिद्धिमा बताती हैं कि वह दसवीं कक्षा से मेडिटेशन कर रही हैं, जिसने उन्हें आंतरिक शांति दी है। “फैमिली डिनर और साथ बिताए पल मुझे पॉज़िटिविटी से भर देते हैं। इसी सपोर्ट सिस्टम की वजह से सोशल मीडिया की नेगेटिविटी मुझ पर असर नहीं डालती।”वह मानती हैं कि पब्लिक फिगर होने के नाते दबाव हमेशा रहता है, मगर हर बात पर प्रतिक्रिया देना ज़रूरी नहीं। “मैं अपनी ऊर्जा विकास और प्रामाणिकता में लगाती हूं। मेरे लिए बाहरी शोर नहीं, बल्कि मेरा काम और मेरी शांति मायने रखते हैं।”
