मुख्यपृष्ठअपराधस्कैम्स एंड स्कैंडल : हैवानियत की हद पार! ... रेप के बाद...

स्कैम्स एंड स्कैंडल : हैवानियत की हद पार! … रेप के बाद गैंगरेप

श्रीकिशोर शाही
(भाग २)
किसी नाबालिग के साथ रेप जैसा घृणित कुकृत्य करना अपने आप में ही एक बड़ा अपराध है। इसकी जितनी सजा दी जाए वह कम ही है। मगर जब रेप से भी जी न भरे और अपराधियों द्वारा गैंगरेप को अंजाम दिया जाए तो जरा सोचिए, इससे बड़ा अपराध और क्या हो सकता है। उन्नाव केस की पीड़िता को भी इसी भयावह परिस्थिति से गुजरना पड़ा। एक तो विधायक ने पहले उसका रेप किया और जब पीड़िता अपने गांव पहुंची तो वहां तीन दरिंदे घात लगाकर उसका इंतजार कर रहे थे। वह जून २०१७ का महीना था। पीड़िता जब गांव पहुंची तो वहां इन तीन लोगों ने उसे ‘अगवा’ कर लिया। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ देकर अचेत कर दिया गया। फिर इन तीनों ही दरिंदों ने करीब एक सप्ताह तक उसका गैंगरेप किया। निर्भया कांड के बाद इन दरिंदों की इस पाशविक हरकत ने पूरे देश को हिला दिया था। हर तरफ आक्रोश दिखाई दे रहा था।
इसके बाद की कहानी बड़ी विचित्र है। बिल्कुल किसी फिल्मी सीन की तरह घटनाक्रम आश्चर्यजनक मोड़ लेता गया। पीड़िता और उसके पिता ने तीनों दरिंदों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं ३६३, ३६६, ३७६ और ५०६ के तहत मामला दर्ज करवा दिया, मगर पुलिस दबंग सेंगर के खिलाफ मामला दर्ज करने में आनाकानी करती रही। इसी बीच कथित तौर पर मेडिकल जांच में देरी के बाद पीड़िता को अपने रिश्तेदारों के साथ रहने के लिए दिल्ली भेज दिया गया। मगर पीड़िता ने सेंगर को सबक सिखाने का प्रण कर लिया था। अगस्त २०१७ में वह उन्नाव लौटी और सेंगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की। मगर पुलिस ने विधायक के नाम पर फिर कन्नी काट ली। उसी महीने दाखिल चार्जशीट में सेंगर का नाम शामिल नहीं था। २०१७ बीत गया और २०१८ शुरू हो चुका था। पीड़िता के सीने में आग दहक रही थी। तब फरवरी में उसने सेंगर का नाम शामिल कराने के लिए अदालत का रुख किया। उधर सेंगर के गुर्गे पीड़िता के परिवार को धमकाते रहे। अप्रैल २०१८ में इन गुर्गों ने पीड़िता के पिता पर हमला किया और उल्टे पुलिस में उनके ही (पिता के) खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। पिता ने भी जवाबी कार्रवाई में सेंगर के चार गुर्गों के िखलाफ शिकायत दर्ज करवा दी। मगर पुलिस ने सेंगर के गुर्गों को छुआ तक नहीं और पीड़िता के पिता को परेशान करती रही। फिर एक दिन पुलिस ने पीड़िता के पिता को गिरफ्तार कर लिया। उन पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया और हिरासत में उन्हें खूब यातनाएं दीं।
(शेष अगले अंक में)

अन्य समाचार