फिरोज खान
अब तक लड़का और लड़की के प्यार में बेवफाई और धोखा देनेवाली खबरें आती थीं। पति या पत्नी फरेबी होते थे। नाजायज संबंधों को लेकर प्रेमी या प्रेमिका को एक-दूसरे के खून के प्यासे होते हुए भी देखा गया है, लेकिन समलैंगिक मोहब्बत में पहली बार धोखा देने की कहानी ने सभी को हैरानी में डाल दिया है। दो युवकों के बीच समलैंगिक संबंध और बेइंतहा प्यार था। एक ने विश्वासघात करते हुए दूसरे से समलैंगिक संबंध बनाना शुरू किया तो बदले की आग भड़क उठी। युवक बेवफाई को बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने खतरनाक कदम उठा लिया। साजिश के तहत युवक ने अपने साथी लड़के का कत्ल कर दिया और कत्ल को छिपाने के लिए शातिर दिमाग लगाया।
महाराष्ट्र के अकोला स्थित मोठी उमरी गांव में रहनेवाले युवक बचपन के दोस्त थे। साथ में खेलना, कूदना और घूमना होता था। आहिस्ता-आहिस्ता वक्त गुजरा और दोनों जवान हो गए। जवानी की दहलीज पर कदम रखते ही दोनों का एक-दूसरे को देखने का नजरिया बदल गया। बचपन की गहरी दोस्ती अब समलैंगिक प्यार में बदल गई। दोनों के बीच मोहब्बत इस कदर परवान चढ़ी कि उनके बीच शारीरिक संबंध बनने लगे। मौका मिलते ही दोनों एक-दूसरे की शारीरिक भूख मिटाने लगे। दोनों एक-दूसरे पर काफी भरोसा भी करते थे, लेकिन उनका यह भरोसा ज्यादा दिनों तक टिक न सका। दोनों के बीच एक और समलैंगिक युवक की एंट्री हुई। आकाश (बदला हुआ नाम) ने नए युवक के साथ नजदीकी बढ़ा ली और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। इस बात की भनक जब सुरेश (बदला हुआ नाम) को लगी तो उसे लगा कि उसका साथी आकाश उसे धोखा देने के साथ ही उससे बेवफाई कर रहा है। आकाश की बेवफाई को देख वह आगबबूला हो गया और उसके अंदर बदले की आग भड़कने लगी। साजिश के मुताबिक, सुरेश ने आकाश को एक कमरे में बुलाया। वहां दोनों ने मिलकर खाना खाया। खाना खाने के बाद सुरेश ने आकाश पर धोखेबाजी का आरोप लगाते हुए उसके सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गुस्से में सुरेश ने आकाश को डंडे से इस कदर पीटा कि आकाश की मौत हो गई। हत्या को हादसा बताने के लिए सुरेश कमरे से बाहर आया और शोर मचाते हुए कहने लगा कि आकाश की गिरने से मौत हो गई है। पास-पड़ोस के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस भी पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि आकाश की मौत हादसे से नहीं, बल्कि हत्या से हुई है। पुलिस ने सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
