उमेद गुप्ता / वाराणसी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव में सोमवार को कनैल पुष्प का बीज खाने से दो सगी बहन समेत तीन बच्चियों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार हर्षिता (6) अपनी बहन अंशिका (3) पुत्री मिथलेश प्रजापति व पड़ोस की नैंसी (4) पुत्री मनीष प्रजापति के साथ तीनों बच्चिया गांव में अपने घर से थोड़ी दूरी पर खेल रही थीं। इस दौरान वह खेलते-खेलते कनैल के पौधे के पास पहुंची गईं। इसी दौरान कनैल में लगे बीज को वह फल समझ कर खा गईं। जब पेट में दर्द हुई तो बच्चियां अपने घर चली गईं। देखते ही देखते रविवार को हर्षिता की तबियत अचानक से खराब हो गई। आनन-फानन में हर्षिता को परिजन गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस मौत से परिजन रोने बिलखने लगे। सोमवार की सुबह परिजनों को कुछ समझ आता मृतिका हर्षिता की छोटी बहन अंशिका की भी तबियत बिगड़ गई और उसको भी परिजन ले कर अस्पताल भागे।
डॉक्टरों ने उसको भी दोपहर तक मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार की दो बहनों की इस मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इधर लोग उनकी दाह संस्कार के बारे में तैयारी कर ही रहे थे कि पड़ोस की बच्ची नैंसी की भी अस्पताल में मौत हो गई। दो दिनों में बारी-बारी से तीन बच्चियों की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। वहीं सोमवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने एक बच्ची नैन्सी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि दो सगी बहनों का परिवारवालों ने पुलिस को बगैर सूचना दिये अंतिम संस्कार कर दिया। थोड़ी देर में वहां एडीसीपी वैभव बांगर पहुंचे। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद मामले की जांच कर रही है।
