मुख्यपृष्ठसमाचारउत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने...

उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने श्रद्धांजलि सभा कर सीबीआई जांच की उठाई मांग

उमेश गुप्ता / वाराणसी

उत्तराखंड की 19 वर्षीय बेटी अंकिता भंडारी की नृशंस हत्या को लेकर पूरे देश में आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और पूरे प्रकरण की स्वतंत्र सीबीआई जाँच की माँग को लेकर सोमवार शाम वाराणसी के लहुराबीर स्थित आज़ाद पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा का संयोजन महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव एवं महानगर अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा द्वारा किया गया। उपस्थित जनसमूह ने अंकिता भंडारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सभा को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष अनुराधा यादव व महानगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस पूनम विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा दिया गया “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा आज पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है। अंकिता भंडारी जैसी 19 वर्षीय बेटी को न्याय न मिलना सरकार की संवेदनहीनता और सत्ता संरक्षण की राजनीति को उजागर करता है।इस बीच भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर द्वारा दिया गया बयान भी चर्चा का केंद्र रहा। सुरेश राठौर ने आरोप लगाया है कि “BJP के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम द्वारा अंकिता भंडारी पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर उसकी हत्या कर दी गई और भाजपा दुष्यंत गौतम को बचा रही है।ये आरोप अत्यंत गंभीर हैं। और उच्च स्तरीय जाँच का विषय है यदि ये आरोप असत्य हैं तो भाजपा नेतृत्व को तुरंत सार्वजनिक खंडन करना चाहिए, और यदि इनमें रत्ती भर भी सच्चाई है तो यह सत्ता के संरक्षण में हुए जघन्य अपराध की ओर इशारा करता है।उत्तराखंड में भाजपा के कई नेता और नेत्रियाँ नैतिकता के आधार पर इस्तीफ़ा दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद मोदी सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

उक्त कार्यक्रम में राघवेन्द्र चौबे,सजीव सिंह,सतनाम सिंह,दिलीप चौबे,अनुराधा यादव,पूनम विश्वकर्मा,पूनम कुंडु,हसन मेहदी कब्बन,प्रमोद वर्मा,संतोष चौरसिया,राजेन्द्र गुप्ता,रेनू चौधरी, रंजना गुप्ता,अफसर खां, रोहित दुबे,किशन यादव,बदरे आलम सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।

अन्य समाचार