मुख्यपृष्ठनए समाचारमंडप डेकोरटर पर जानलेवा हमला ...यूपी से हमलावर गिरफ्तार!

मंडप डेकोरटर पर जानलेवा हमला …यूपी से हमलावर गिरफ्तार!

सुरेश गोलानी / मुंबई
मंडप डेकोरटर का व्यवसाय करने वाले २७ वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच यूनिट, जोन-१ ने इवेंट मैनेजमेंट कंपनी से जुड़े हमलावर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
घटना ११ दिसंबर २०२५ दोपहर २ बजे की बताई जा रही है, जब आरोपी तुषार संतोष दुबे (२३) ने भायंदर-पूर्व स्थित रामदेव पार्क इलाके में मंडप डेकोरेटर्स कारोबारी दशरथ मांगीलाल शर्मा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शर्मा को कई गंभीर चोटें आई थीं। हमले के बाद से ही दुबे फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक ने क्राइम ब्रांच यूनिट को समांतर जांच कर आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के आदेश दिए। उप-आयुक्त संदीप डोईफोड़े के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुशीलकुमार शिंदे ने विशेष टीमों का गठन किया। तकनीकी विश्लेषण और खबरी नेटवर्क के माध्यम से यूनिट को दुबे के उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली। क्राइम ब्रांच यूनिट से जुड़ा एक दल तुरंत उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुआ और वहां की स्थानीय पुलिस की मदद से दुबे को गुरुवार, १ जनवरी को जौनपुर से धरदबोचा। जौनपुर जिले के संबंधित मजिस्ट्रेट के सामने दुबे को पेश कर उसका ट्रांजिट रिमांड लेकर पुलिस दल उसे भायंदर लाया और आगे की जांच हेतु नवघर पुलिस थाने के हवाले कर दिया गया, जहां उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

अन्य समाचार