रोहित माहेश्वरी
लखनऊ
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिना भौतिक सत्यापन केवल मानचित्र आधारित व्यवस्था के सहारे ऐसे परीक्षा केंद्र बना दिए गए हैं, जो निर्धारित मानकों का खुला उल्लंघन हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि लखनऊ के निगोहा क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज की छात्राओं को लगभग २८ किलोमीटर दूर परीक्षा देने भेजा जा रहा है, जबकि नियमों के अनुसार छात्राओं का परीक्षा केंद्र अधिकतम ७ किलोमीटर तथा विशेष परिस्थिति में १५ किलोमीटर के भीतर होना चाहिए। चंद्रशेखर आजाद ने इसे छात्राओं की सुरक्षा, गरिमा और भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार से तत्काल परीक्षा केंद्रों को मानक के अनुरूप नजदीक कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दूषित पानी से हुई मौतों पर बिफरीं मायावती
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रदूषित पानी पीने से कई नागरिकों की मौत और बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की घटना को अत्यंत दुखद एवं चौंकाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल और स्वच्छ वायु उपलब्ध कराना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन सरकारी लापरवाही और उदासीनता के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है। मायावती ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासनिक विफलता को उजागर करती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से भी पूरे मामले का संज्ञान लेकर प्रभावी कदम उठाने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अभ्युदय योजना में
फर्जीवाड़े का आरोप
भाजपा पर अखिलेश का हमला
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अभ्युदय योजना में सामने आए कथित फर्जीवाड़े को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ६९ में से ४८ संस्थानों का फर्जी पाया जाना इस बात का प्रमाण है कि योजना को योजनाबद्ध तरीके से भ्रष्टाचार का माध्यम बनाया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को करोड़ों रुपए की वसूली से मतलब है, लेकिन उन गरीब विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है, जिन्होंने इन संस्थानों पर भरोसा कर पढ़ाई की। उन्होंने आशंका जताई कि यह पीडीए समाज के बच्चों के साथ एक सुनियोजित साजिश हो सकती है, ताकि उन्हें घटिया कोचिंग व्यवस्था में उलझाकर नौकरियों से वंचित रखा जा सके।
मीटर बदलिए, बिल बढ़ाइए, शिकायत बंद कराइए -संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बिजली के नए मीटर लगाए जाने को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता पर बोझ डालने का नया फॉर्मूला तैयार किया है, जिसमें पहले मीटर बदले जा रहे हैं, फिर बिजली के बिल कई गुना बढ़ाए जा रहे हैं और शिकायत करने पर सुनवाई तक नहीं हो रही। संजय सिंह ने दावा किया कि मीटर बदलने के बाद आम उपभोक्ताओं, खासकर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के बिजली बिल अचानक बढ़ गए हैं। उन्होंने इसे जनता के साथ खुली लूट बताते हुए सरकार से इस व्यवस्था को तत्काल बंद करने की मांग की।
