मुख्यपृष्ठग्लैमरमनोज बाजपेयी की 'गवर्नर' का धमाकेदार टीजर रिलीज

मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर’ का धमाकेदार टीजर रिलीज

हिमांशु राज

बॉलीवुड के नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी के जन्मदिन पर रिलीज हुए ‘द साइलेंट सेवियर गवर्नर’ के पोस्टर ने धूम मचा दी थी। अब मेकर्स ने इसका टीजर भी जारी कर दिया है, जो 1990 के दशक के भारत के सबसे बड़े आर्थिक संकट की सच्ची और दमदार कहानी की झलक पेश करता है। विपुल अमृतलाल शाह के सनशाइन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म अनकही ऐतिहासिक घटनाओं से प्रेरित है।

टीजर में मनोज बाजपेयी राष्ट्रीय बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के गवर्नर के किरदार में नजर आ रहे हैं। यह भूमिका उन्होंने पहले कभी नहीं निभाई है। टीजर आर्थिक संकट के दौर की तनावपूर्ण परिस्थितियों को बखूबी दर्शाता है, जब देश की अर्थव्यवस्था कगार पर थी। मराठी सिनेमा के दिग्गज चिन्मय मांडलेकर द्वारा निर्देशित यह फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ के निर्माताओं की एक और सशक्त प्रस्तुति है।

फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है, जिसमें आशिम ए शाह सह निर्माता हैं। कहानी सुवेंदु भट्टाचार्जी, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने लिखी है। जावेद अख्तर के बोल और अमित त्रिवेदी का संगीत इसे और आकर्षक बनाता है।

मनोज बाजपेयी ने सोशल मीडिया पर टीजर साझा करते हुए लिखा, “एक सच्ची कहानी जो इतिहास के पन्नों में दबकर रह गई। 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में।” सोशल मीडिया पर प्रशंसक टीजर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “मनोज सर का यह अवतार गजब का है। आर्थिक संकट की अनकही दास्तान देखने को बेताब हैं।”

यह फिल्म न केवल मनोरंजन करेगी, बल्कि देश के आर्थिक इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना को नई रोशनी में सामने लाएगी। यह 12 जून 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।

अन्य समाचार