मुख्यपृष्ठटॉप समाचारअब हिंदू माफ नहीं करेगा!-उद्धव ठाकरे

अब हिंदू माफ नहीं करेगा!-उद्धव ठाकरे

-राम मंदिर लूट के विरोध में शिवसेना का कल ‘रामरक्षा’ आंदोलन

-दादर कबूतरखाना के सामने ऐतिहासिक हनुमान मंदिर से शुरुआत… गांव-गांवफैलेगी आंदोलन की आग

-सभी हिंदू और रामभक्तों से शामिल होने का अह्वान

-रविवार विराट रामरक्षा पाठ और महाआरती

स्थान : हनुमान मंदिर, दादर

कब : ५ जुलाई, शाम ४ बजे

‘मंदिर वहीं बनाएंगे’ के दृढ़ संकल्प के साथ हजारों कारसेवकों ने अयोध्या की रामजन्मभूमि आंदोलन में अपना बलिदान दिया था। उसी संघर्ष के आधार पर सत्ता में आई भाजपा के शासनकाल में अब राम मंदिर की दानराशि में कथित अनियमितताओं के सहारे लूटने का काम शुरू कर दिया है। मंदिर के चंदे की लूट का पैसा अन्य राजनीतिक दलों के विधायकों और सांसदों को तोड़ने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने लूटमार के खिलाफ आंदोलन का एलान किया। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व के नाम पर किसी भी प्रकार की लूट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के तहत शिवसेना की ओर से आगामी रविवार को शाम ४ बजे दादर स्थित मारुति मंदिर के सामने सामूहिक रामरक्षा स्तोत्र पाठ और महाआरती का आयोजन किया गया है। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में हिंदू समाज, शिवसैनिक और रामभक्त शामिल होंगे।
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने आज अपने निवास ‘मातोश्री’ में आयोजित प्रेस कॉन्प्रâेंस में इस आंदोलन की घोषणा की। इस अवसर पर शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत, सांसद अनिल देसाई तथा शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे भी उपस्थित थे।
भाजपा के नकली ‘हिंदुत्व’ के चेहरे को करेंगे बेनकाब
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य भाजपा के नकली ‘हिंदुत्व’ के चेहरे को बेनकाब करना और राम मंदिर की दानराशि की लूट करनेवालों को कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाना है। उन्होंने कहा कि ९० के दशक में अटल बिहारी वाजपेयी कहा करते थे कि ‘अब हिंदू मार नहीं खाएगा।’ आज मैं कहता हूं कि ‘अब हिंदू माफ नहीं करेगा।’ जो भी लोग राम मंदिर की दानराशि की लूट में शामिल हैं, चाहे वे भाजपा के हों या किसी अन्य दल के, हिंदू समाज उन्हें माफ नहीं करेगा। जब तक उन्हें उनके कर्मों का फल नहीं मिल जाता, तब तक हिंदू समाज शांत नहीं बैठेगा।
उन्होंने कहा कि पहले महाआरती के माध्यम से हिंदुओं को जागृत करने का प्रयास किया जाता था, अब हिंदू समाज जाग चुका है और सत्ता से जवाब मांगने के लिए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होगा। उद्धव ठाकरे ने देश की वर्तमान स्थिति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में इस समय अव्यवस्था का माहौल है। सरकार में आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता नहीं बची है और जवाबदेही पूरी तरह खत्म हो चुकी है। अब समय आ गया है कि इस व्यवस्था की जड़ पर प्रहार किया जाए। उद्धव ठाकरे ने कहा कि राम मंदिर ही भाजपा के सत्ता की नींव रहा है। राम मंदिर आंदोलन में शिवसेना भी सहभागी थी। उन्होंने कहा कि कारसेवकों पर हुए अत्याचार, गोधरा कांड, अमदाबाद दंगे, मुंबई बम विस्फोट और सांप्रदायिक दंगों के दौरान हिंदू समाज ने बहुत कुछ सहा है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन शुरू होने से पहले पूरे देश में भाजपा के केवल दो सांसद थे। उस समय भाजपा गांधीवादी समाजवाद की विचारधारा पर चलती थी, लेकिन बाद में राम मंदिर आंदोलन को आधार बनाकर उसने हिंदुत्व की राजनीति को अपनाया। आज राम मंदिर बनने के बाद भाजपा सत्ता का अपार आनंद ले रही है, लेकिन उसी सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर के चढ़ावे की लूट बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
राज्यभर में होगा आंदोलन
उद्धव ठाकरे ने घोषणा की कि ५ जुलाई, रविवार को शाम ४ बजे दादर के कबूतरखाना स्थित मारुति मंदिर के सामने आंदोलन की शुरुआत होगी। इस दौरान सामूहिक रूप से रामरक्षा स्तोत्र और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुंबई का यह कार्यक्रम केवल शुरुआत है। आनेवाले समय में महाराष्ट्र के गांव-गांव, जिलों और शहरों में, जहां भी राम मंदिर या हनुमान मंदिर होगा, वहां इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वारकरी समाज भी इस आंदोलन में शामिल होगा और जिन लोगों के मन में राम मंदिर की कथित लूट को लेकर आक्रोश है, वे भाजपा से जवाब मांगेंगे।
हिंदू समाज, हिंदी भाषी और रामभक्तों से शामिल होने की अपील
उद्धव ठाकरे ने हिंदू समाज, हिंदी भाषियों, रामभक्तों और वारकरी समुदाय से आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि जो लोग मानते हैं कि देश संकट में है और जिन्होंने हिंदुत्व तथा हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे के विचारों को नहीं छोड़ा है, वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस आंदोलन में भाग लें।
उन्होंने कहा कि जो भी सच्चे रामभक्त हैं, जिन्हें भगवान राम से आस्था है और जिन्हें मंदिर में कथित चोरी के आरोपों पर आक्रोश है, वे सभी इस आंदोलन का हिस्सा बनें। उन्होंने मुंबई, महाराष्ट्र और पूरे देश के हिंदुओं, उत्तर भारतीय व हिंदी भाषी समाज से इसमें शामिल होने का आह्वान किया। मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीयों से भी ‘जय शिवराय, जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
राम मंदिर को लूटनेवाले देशद्रोही हैं
उद्धव ठाकरे ने कहा कि जो लोग हिंदुत्व का मुखौटा पहनकर राम मंदिर की कथित लूट कर रहे हैं, वे देशद्रोह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे के खिलाफ देशभर में आंदोलन शुरू हो चुका है और महाराष्ट्र भी इसमें पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र इस आंदोलन का नेतृत्व करेगा। उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या भाजपा ने राम मंदिर का मुद्दा केवल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए उठाया था? इन्हें अब हिंदू समाज कभी माफ नहीं करेगा। यदि आज नहीं जागे तो भविष्य में भाजपा उन्हीं लोगों का सम्मान करेगी और उन्हें राज्यपाल या मंत्री जैसे पदों पर बैठा देगी।
‘महाराष्ट्र जागता है तो देश जागता है’
महाराष्ट्र ने ही भाजपा को दिल्ली की सत्ता तक पहुंचाया। इसलिए इस आंदोलन की शुरुआत भी महाराष्ट्र से होनी चाहिए। जब महाराष्ट्र जागता है, तब पूरा देश जागता है। उद्धव ठाकरे ने याद दिलाया कि राम मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद शिवसेना ने नासिक के कालाराम मंदिर में भी दर्शन किए थे।
मैं अमित शाह के साथ जरूर अयोध्या जाऊंगा
दोबारा अयोध्या जाने के सवाल पर उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा, ‘मैं अमित शाह के साथ जरूर अयोध्या जाऊंगा।’ उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि ऐसा कहा जाता है कि अमित शाह स्वयं कभी अयोध्या नहीं गए हैं। लेकिन अब मैं उनके साथ अयोध्या जाऊंगा।

अन्य समाचार