मुख्यपृष्ठनए समाचारडॉक्टर और नर्स से मारपीट करने वाले मिंधे गुट के नगरसेवक को...

डॉक्टर और नर्स से मारपीट करने वाले मिंधे गुट के नगरसेवक को बर्खास्त करो; जुलूस निकालो!.. आदित्य ठाकरे का उद्दंड जनप्रतिनिधि पर करारा प्रहार

सामना संवाददाता / मुंबई

डोंबिवली स्थित शास्त्रीनगर अस्पताल में सोमवार रात शिंदे गुट के नगरसेवक रमेश म्हात्रे और उनके समर्थकों द्वारा एक महिला डॉक्टर तथा तीन नर्सों के साथ मारपीट किए जाने की घटना से लोगों में भारी आक्रोश है। इस मामले पर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मांग की कि डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट करने वाले शिंदे गुट के नगरसेवक को तत्काल बर्खास्त करके उसका डोंबिवली में जुलूस निकाला जाए। वे विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाते हुए संबंधित नगरसेवक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि उस भयावह घटना का वीडियो पूरे राज्य ने देखा है। रमेश म्हात्रे भाजपा के पसंदीदा मिंधे गुट के नगरसेवक हैं। ऐसे गुंडागर्दी करने वाले नगरसेवक ने एक डॉक्टर पर हाथ उठाया। एक गर्भवती महिला को चिकित्सकों ने बताया था कि उसका शिशु समय से पहले जन्म ले सकता है और जन्म के बाद उसे नवजात गहन चिकित्सा इकाई में उपचार की आवश्यकता पड़ सकती है। लेकिन अस्पताल में नवजात गहन चिकित्सा इकाई के सभी बिस्तर भरे हुए थे, इसलिए उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई थी। इस बात पर नाराज होकर महिला चिकित्सक, नर्सों और चिकित्सा कर्मियों पर हमला करना किसी भी तरह उचित नहीं है।
हर जगह गुंडागर्दी
भाजपा और मिंधे गुट की गुंडागर्दी हर जगह दिखाई दे रही है। यदि रमेश म्हात्रे में इतनी ही हिम्मत है तो वह राम मंदिर की लूट करने वालों पर हाथ उठाकर दिखाएं। उज्जैन की जमीन लूटने वालों के खिलाफ कार्रवाई करके दिखाएं। महाराष्ट्र डॉक्टरों और नर्सों पर होने वाली ऐसी गुंडागर्दी कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
नगरसेवक गिरफ्तार!
मारपीट के मामले में शिंदे गुट के पार्षद रमेश म्हात्रे को बुधवार शाम ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में म्हात्रे से पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

अन्य समाचार