मुख्यपृष्ठनए समाचाररफ्तार का कहर :  बेकाबू कार ने सिक्योरिटी गार्ड को रौंदा...मौके पर...

रफ्तार का कहर :  बेकाबू कार ने सिक्योरिटी गार्ड को रौंदा…मौके पर ही दम तोड़ा…दो आरोपी गिरफ्तार

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर घूरपुर थाना क्षेत्र के घोघापुर गांव के पास रविवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। निर्माणाधीन रिंग रोड पर एक अनियंत्रित कार ने वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गार्ड की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद भागने का प्रयास कर रही कार पास के एक खड्डे में जा गिरी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कार सवार दो युवकों को बंधक बना लिया।
मृतक की शिनाख्त राम लखन यादव (मूल निवासी मसिका गांव, औद्योगिक थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। वह ‘एसकेवाई सिक्योरिटी’ में तैनात थे और इन दिनों निर्माणाधीन रिंग रोड के स्टोर रूम की रखवाली कर रहे थे। देर रात वह अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद थे, तभी काल बनकर आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़े। कार अनियंत्रित होकर एक गहरे खड्डे में फंस गई थी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार सवार दोनों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची घूरपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पंचनामा भरकर एसआरएन अस्पताल भेज दिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राम लखन यादव अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके दोनों बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। इस आकस्मिक हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर के मुखिया की इस तरह अचानक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

अन्य समाचार