एस. आसिफ
भाग -३
क्रिस्टन स्टीवर्ट और रॉबर्ट पैटिनसन की जोड़ी को ‘ट्वाइलाइट’ के प्रशंसक पर्दे के बाहर भी आदर्श प्रेम कहानी मानते थे। दोनों लगभग २००९ से साथ थे, लेकिन जुलाई २०१२ में क्रिस्टन और विवाहित निर्देशक रूपर्ट सैंडर्स की अंतरंग तस्वीरें सामने आने से यह सपना टूट गया। सैंडर्स ने उन्हें फिल्म ‘स्नो व्हाइट एंड द हंट्समैन’ में निर्देशित किया था। तस्वीरें वायरल होते ही क्रिस्टन ने इसे गंभीर गलती बताते हुए पैटिनसन से सार्वजनिक माफी मांगी। सैंडर्स ने भी पत्नी लिबर्टी रॉस और बच्चों से माफी मांगी। पैटिनसन और क्रिस्टन कुछ समय बाद फिर साथ आए, लेकिन मई २०१३ तक रिश्ता समाप्त हो गया। लिबर्टी रॉस ने जनवरी २०१३ में तलाक की अर्जी दी।
इसके बाद क्रिस्टन की निजी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। उनका सबसे चर्चित महिला संबंध दृश्य प्रभाव निर्माता एलिसिया कारगाइल के साथ रहा। दोनों २०१३ के आसपास करीब आए और कई बार अलग होकर फिर साथ दिखाई दिए। क्रिस्टन ने बाद में एलिसिया के प्रति अपने प्रेम को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया। इसके बाद २०१६ में प्रâांसीसी गायिका सोको से उनका संक्षिप्त संबंध रहा। उसी वर्ष संगीतकार सेंट विंसेंट के साथ भी उन्हें देखा गया।
वर्ष २०१६ के अंत में मॉडल स्टेला मैक्सवेल से उनका रिश्ता शुरू हुआ। यह संबंध लगभग दो वर्ष चला और २०१८ में टूट गया। इसके बाद क्रिस्टन कुछ समय स्टाइलिस्ट सारा डिंकिन के साथ जुड़ी रहीं। २०१९ में उनकी मुलाकात पटकथा लेखक डायलन मेयर से हुई। दोनों का रिश्ता तेजी से गंभीर हुआ, २०२१ में सगाई हुई और अप्रैल २०२५ में उन्होंने लॉस एंजेलिस में निजी समारोह में विवाह कर लिया।
क्रिस्टन ने २०१७ में स्वयं को उभयलिंगी बताया और बाद में कहा कि सार्वजनिक रूप से प्रेम जताने से करियर प्रभावित होने की सलाह उन्हें दी गई थी, लेकिन उन्होंने ऐसी शर्तें स्वीकार नहीं कीं। उनकी कहानी केवल एक बेवफाई कांड की नहीं, बल्कि पहचान, स्वतंत्रता और निजी जीवन को अपने तरीके से जीने की भी कहानी है।
