सामना संवाददाता / राजस्थान
राजस्थान के झुंझुनू जिले के पिलानी थाना क्षेत्र के घंडावा गांव में सोमवार सुबह 50 वर्षीय अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का शव गांव में संचालित एक अवैध शराब की ब्रांच के पास मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पिलानी थाना पुलिस और चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
मृतक की पहचान घंडावा निवासी 50 वर्षीय दोदराम कोठारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोदराम रविवार सुबह गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में मजदूरी करने गया था। काम समाप्त होने के बाद वह वापस गांव लौट आया। इसी दौरान उसने गांव में संचालित अवैध शराब की ब्रांच से शराब खरीदी। इसके बाद उसे किसी ने नहीं देखा।
परिजनों ने बताया कि दोदराम अक्सर घर से बाहर ही रहता था। इसलिए रविवार रात घर नहीं लौटने पर उन्होंने यह सोचकर चिंता नहीं की कि वह किसी खेत या मकान पर ही सो गया होगा और सुबह लौट आएगा।
सोमवार सुबह खेत से लौट रही एक महिला ने अवैध शराब की ब्रांच के पास दोदराम को मृत अवस्था में पड़ा देखा। महिला ने तुरंत ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक के बड़े भाई रामेश्वर ने आरोप लगाया कि दोदराम के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका है। उनका कहना है कि दोदराम शराब पीने का आदी था, लेकिन जिस स्थिति में शव मिला है, उसे देखते हुए यह सामान्य मौत नहीं लगती। ग्रामीणों ने भी मामले में हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बिरला सार्वजनिक अस्पताल, पिलानी की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि दोदराम मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसका बड़ा बेटा अपने मामा के पास बाढ़ड़ा में रहकर पढ़ाई के साथ काम करता है, जबकि छोटी बेटी पढ़ाई कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है।
