-हस्ताक्षर अभियान के बाद ‘सड़क से संसद तक’ आंदोलन की चेतावनी
जम्मू। जम्मू तवी को देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली प्रमुख लंबी दूरी की रेलगाड़ियों का अंतिम एवं प्रमुख टर्मिनल बनाने तथा जम्मू से कटरा और श्रीनगर के लिए सुविधाजनक कनेक्टिंग एवं शटल रेल सेवाएं शुरू करने की मांग को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जम्मू-कश्मीर इकाई ने ‘जम्मू रेल हब अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश मध्यवर्ती कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जम्मू इकाईप्रमुख मनीष साहनी ने ‘जम्मू एक पड़ाव नहीं, अंतिम एवं प्रमुख टर्मिनल बने’ पोस्टर जारी करते हुए कहा कि जम्मू से कटरा व श्रीनगर के लिए तेज, सुविधाजनक एवं नियमित कनेक्टिंग रेल सेवाओं का नेटवर्क विकसित किया जाना चाहिए। इससे यहां के व्यापार व अन्य सेवा क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साहनी ने घोषणा की कि अभियान के अगले चरण में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान से प्राप्त जनसमर्थन और मांग-पत्र को रेल मंत्री एवं प्रधानमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही पार्टी अपने सांसदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी। उन्होंने कहा कि ‘जम्मू के हक की आवाज अब सड़क से संसद तक बुलंद होगी और जम्मू को उसका आर्थिक हक दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।’
