मुख्यपृष्ठनए समाचारमैदानों और खाली भूखंडों को बचाने के लिए कल बांद्रा में...

मैदानों और खाली भूखंडों को बचाने के लिए कल बांद्रा में `तिरंगा आंदोलन’… भाजपा को दिखाया जाएगा रेड कार्ड

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के मैदानों और खाली भूखंडों को बचाने के लिए रविवार को बांद्रा में भव्य तिरंगा आंदोलन का आह्वान शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने किया है। बांद्रा के रंगशारदा स्थित नेविल डिसूजा फुटबॉल ग्राउंड में होनेवाले इस आंदोलन के माध्यम से भाजपा को रेड कार्ड दिखाया जाएगा। आदित्य ठाकरे ने मुंबईकरों, खेलप्रेमियों, खेल संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और मुंबई से प्रेम करनेवाले सभी नागरिकों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि अंधेरी-पश्चिम स्थित शहाजी राजे भोसले क्रीड़ा संकुल का भूखंड, जुहू के दो खाली भूखंड और नेविल डिसूजा फुटबॉल ग्राउंड की जमीन समेत मुंबई के कई मैदानों और खाली भूखंडों को महायुति सरकार मनपा के माध्यम से अपने पसंदीदा ठेकेदारों और भाजपा विधायकों के हवाले करने की कोशिश कर रही है। शिवसेना ने इसका कड़ा विरोध किया है।

आदित्य ठाकरे ने चेतावनी दी कि मुंबई के मैदान और खाली भूखंड मुंबईकरों के लिए हैं। इन्हें बिल्डरों और ठेकेदारों के हवाले नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रविवार के आंदोलन में मुंबईकरों के साथ सभी राजनीतिक दल अपने झंडे अलग रखकर शामिल हों। पार्टी, जाति, धर्म, पंथ और विचारधारा से ऊपर उठकर सभी को इस आंदोलन में भाग लेना चाहिए। इस आंदोलन में किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं होगा, बल्कि केवल तिरंगा लहराएगा। इस संबंध में सोशल मीडिया पर उन्होंने पोस्ट भी किया है।

अन्य समाचार