सगीर अंसारी / मुंबई
मुंबई पुलिस पूर्व परिमंडल-२ के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पुलिस थानों की पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान बरामद कर नागरिकों को वापस लौटाया। पुलिस द्वारा बरामद की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब ४९ लाख ९८ हजार ३४१ रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, पूर्व परिमंडल-२ के अंतर्गत आने वाले घाटकोपर, पंतनगर, तिलकनगर, नेहरूनगर, विनोबा भावे नगर और चुनाभट्ठी सहित संबंधित क्षेत्रों के पुलिस थानों में दर्ज मामलों में जब्त एवं बरामद माल को शिकायतकर्ताओं और संबंधित नागरिकों को वापस करने के लिए सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस ने मोबाइल चोरी तथा गुम हुए कुल ४१० मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत ४२ लाख ४८ हजार ४८६ रुपए है। इसके अलावा सेंधमारी और चेन स्नैचिंग के मामलों में बरामद ७९ ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत ६ लाख ७० हजार रुपये, तथा ७९ हजार ८५५ रुपए नकद भी नागरिकों को लौटाए गए।
इस तरह पुलिस ने तकनीकी जांच और मानवीय कौशल का इस्तेमाल करते हुए जांच के दौरान कुल ४९ लाख ९८ हजार ३४१ रुपए मूल्य की संपत्ति बरामद की। २५ अगस्त को पंतनगर पुलिस थाना क्षेत्र के गरोडिया नगर स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में अपर पुलिस आयुक्त धनंजय कुलकर्णी तथा पूर्व प्रादेशिक विभाग, मुंबई के पुलिस उप आयुक्त गणेश शिंदे की मौजूदगी में यह संपत्ति शिकायतकर्ताओं को सौंपी गई।
