मुख्यपृष्ठनए समाचार१९ लोगों पर केस के बाद रूपाली मामले में सियासी संग्राम तेज!

१९ लोगों पर केस के बाद रूपाली मामले में सियासी संग्राम तेज!

-कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी रूपाली ठोंबरे पाटील, महायुति पर विपक्ष का हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की शिकायत के आधार पर १९ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता रूपाली ठोंबरे पाटील ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि जिस मामले में पहले शिकायत नहीं की गई, उसमें अब अचानक इतनी तेजी से कार्रवाई क्यों हुई? उन्होंने पुलिस की कानूनी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं और न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी है।
ठोंबरे पाटील का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट में अश्लीलता नहीं थी तो फिर उनके खिलाफ मामला किस आधार पर दर्ज किया गया? उनका सवाल है कि यदि पोस्ट आपत्तिजनक थी तो शिकायत पहले क्यों नहीं की गई? हालांकि, मामला अभी जांच के अधीन है और पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इस पूरे विवाद ने महायुति सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष का आरोप है कि महाराष्ट्र में राजनीतिक विरोधियों और सरकार के खिलाफ आवाज उठानेवालों पर कानून का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। सवाल यह है कि पुलिस की कार्रवाई कानून के मुताबिक निष्पक्ष जांच का हिस्सा है या राजनीतिक विवादों में इसका इस्तेमाल दबाव बनाने के औजार के रूप में किया जा रहा है? अभिनेत्री दिपाली सय्यद ने भी रूपाली चाकणकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

अन्य समाचार