मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा अफसर बनकर ‘वसूली गैंग’ का आतंक!

मनपा अफसर बनकर ‘वसूली गैंग’ का आतंक!

– कारोबारी से ऐंठे १९,५०० रुपए
– तीन फर्जी अधिकारी गिरफ्तार

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में मनपा अधिकारी बनकर आम लोगों से वसूली करने वाले गिरोह का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खेरवाड़ी पुलिस ने पवई के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर मनपा अधिकारी बनकर एक कारोबारी को धमकाने और उससे १९,५०० रुपए की कथित उगाही करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुलाये (३४), सुधीर पुजारी (३२) और विनोद सदर (३६) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना २५ मई की है। घाटकोपर-पूर्व निवासी ३७ वर्षीय कारोबारी जुबिन शाह ऑटोरिक्शा से घर जा रहे थे। सुबह करीब १०:४५ बजे वकोला पुल के पास हंस भुगरा जंक्शन पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उनका ऑटो रिक्शा रोक लिया।
आरोपियों ने खुद को मनपा अधिकारी बताते हुए शाह पर रिक्शे में धूम्रपान करने का आरोप लगाया और नियम तोड़ने के नाम पर जुर्माना मांगा। शाह ने पहचान पत्र दिखाने को कहा तो कथित तौर पर आरोपियों ने धौंस जमाई। कुछ देर बाद तीसरे आरोपी को अपना वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए तीनों ने १९,५०० रुपए की मांग की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शाह को थाने ले जाने की धमकी भी दी और रकम लेने के बाद मौके से फरार हो गए। जांच के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया और अदालत ने उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अन्य समाचार