अमिताभ श्रीवास्तव
अब बताइये इतना बड़ा चित्र बनाया और वो भी बकवास। जी हां, एक महान खिलाड़ी को याद करने के लिए बनवाया गया भित्ति चित्र इतना बेकार और भयावह बना दिया जाएगा, किसी ने सोचा नहीं था। इसे देखकर सब चौंक उठे और आलोचना भी करने लगे। स्नूकर बादशाह रोनी ओ’सुलिवन की एक विशाल भित्ति चित्र देखकर स्नूकर प्रशंसक बेहद आहत हुए हैं। ५० वर्षीय रॉकेट ने जब मार्क सेल्बी पर रोमांचक ५-३ की जीत हासिल करके वुहान ओपन के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। उस वक्त प्रतिष्ठित क्रूसिबल स्टेडियम के पास ओ’सुलिवन को श्रद्धांजलि भी दी गई है, जहां उन्होंने सात विश्व खिताब जीते हैं, लेकिन स्पॉट ऑन स्नूकर क्लब के बाहर बनाई गई इस भित्ति चित्र की प्रशंसकों ने जमकर आलोचना की है। इस विशाल पेंटिंग में ओ’सुलिवन को मेज पर झुककर लाल गेंद को पॉट करने की तैयारी करते हुए देखा जा सकता है, लेकिन स्नूकर के प्रशंसक डिजाइन की आलोचना करने और भयभीत होने का दावा करने के लिए सोशल मीडिया पर टूट पड़े। ओ’सुलिवन ने अपना आखिरी बड़ा स्नूकर खिताब जनवरी २०२४ में वर्ल्ड ग्रांड प्रिक्स में जीता था, लेकिन वह वुहान ओपन में जीत हासिल करके अपना पहला खिताब जीतने की ओर अग्रसर थे।
नफरत हो तो ऐसी
पाकिस्तान में इमरान खान की हालत बुरी है और उनसे नफरत ऐसी कि लॉर्ड्स में गुरुवार से इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट शुरू हुआ, जिसके पहले दिन ब्रॉडकास्टर ने इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू प्रसारित किया। इमरान अभी जेल में हैं, जिनकी सेहत को लेकर उनके बेटों ने इस इंटरव्यू में चिंता जताई और कहा कि उन्हें अपने पिता की जिंदगी को लेकर भी डर है। इस इंटरव्यू को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भड़क गया, उन्होंने ब्रॉडकास्टर स्काई स्पोर्ट्स के खिलाफ औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, लॉर्ड्स टेस्ट के बीच इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इतना नाराज हो गया कि उन्होंने विरोध के तौर पर ब्रेक के बाद टीम को मैदान पर नहीं भेजने के विकल्प पर भी विचार किया था। उन्होंने कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि अगर इंटरव्यू प्रसारित किया गया तो लंच के बाद उनकी टीम मैदान पर नहीं उतरेगी। इस बीच स्काई स्पोर्ट्स ने कुछ देर के लिए इंटरव्यू को रोक दिया था, लेकिन बाद में १८ मिनट का इंटरव्यू प्रसारित कर दिया। इंटरव्यू जब खत्म हुआ, पाकिस्तान के खिलाड़ी दूसरे सेशन के लिए मैदान पर उतरने के लिए तैयारी कर रहे थे। पाकिस्तान में इस सीरीज का प्रसारण कर रहे पीटीवी ने इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू प्रसारित नहीं किया। बता दें कि पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने पिछले हफ्ते आदेश दिया था कि पूर्व प्रधानमंत्री को इस्लामाबाद के शिफा अस्पताल में भर्ती कराया जाए। हालांकि, फिर भी उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर जाया गया और जांच के कुछ समय बाद ही वापस जेल भेज दिया गया। इमरान खान के बेटों और बहनों ने आरोप लगाया कि ये सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन था। उनकी ये भी मांग है कि इमरान को उनके निजी डॉक्टर्स से मिलने दिया जाए। पिछले सप्ताह २१ कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर अपील की थी कि इमरान खान को जेल में सही इलाज और जरूरी सुविधाएं दी जाएं। पत्र लिखने वालों में एथर्टन भी थे, जिन्होंने स्काई स्पोर्ट्स पर उनके बेटों का इंटरव्यू किया।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
