अनिल मिश्र / रांची
झारखंड के पलामू जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पलामू पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुरांव गांव से 445 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पलामू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि महुरांव में बड़े पैमाने पर गांजे की तस्करी और भंडारण किया जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए पलामू वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम महुरांव चौक के पास दो युवकों को आइसर ट्रक संख्या OD14AB 1072 और टेम्पो संख्या BR26PB 2661 से गांजा उतारते हुए रंगेहाथ पकड़ा। पूछताछ में दोनों की पहचान जमशेद आलम (25 वर्ष) और अली रजा (19 वर्ष), दोनों पिता रमजान अंसारी, निवासी महुरांव, नौडीहा बाजार के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं।
तलाशी के दौरान ट्रक में नारियल पानी (डाब) के बीच छिपाकर 16 प्लास्टिक के बोरों में 425 छोटे-छोटे पैकेट बनाकर रखा गया कुल 445 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके पर डीडी किट से जांच में गांजा होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने दोनों वाहनों, दो मोबाइल फोन (ओप्पो और नथिंग कंपनी) तथा गांजे को जब्त कर लिया है।
पलामू पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस तस्करी का नेटवर्क पलामू से लेकर बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा तक फैला हुआ है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।
इस छापामारी दल में एसडीपीओ छतरपुर प्रशांत कुमार, पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित नौडीहा बाजार थाना के पुलिस बल शामिल थे।
इस संबंध में पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि नौडीहा बाजार थाना अंतर्गत पहली बार गांजे की खेप बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ जारी है। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
