मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार को अभिनेत्री मानुषी छिल्लर का सामना पैपराजी के कैमरों से हुआ, लेकिन इस बार चर्चा उनके ग्लैमरस लुक की नहीं, बल्कि कैमरे के एंगल की रही। कार से उतरते ही मानुषी ने मुस्कुराते हुए पैपराजी को पोज दिए और टर्मिनल की ओर बढ़ने लगीं। तभी उनकी नजर पीछे से खींची जा रही तस्वीरों पर पड़ी और अभिनेत्री ने तुरंत आपत्ति जता दी। वायरल वीडियो में मानुषी को फोटोग्राफरों से विनम्रता से कहते सुना गया, ‘प्लीज इसे डिलीट कर दीजिए। पीछे से ली गई कोई भी तस्वीर मत डालिए।’ खास बात यह रही कि नाराजगी जाहिर करने के बावजूद मानुषी ने अपना संयम नहीं खोया। उन्होंने कैमरों के सामने पोज देना जारी रखा और एयरपोर्ट के अंदर जाने से पहले पैपराजी को हाथ भी हिलाया। बताया जा रहा है कि मानुषी दिल्ली के लिए रवाना हुई थीं। वहीं उनका यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब सलमान खान ने ‘बिग बॉस २०’ में महिला अभिनेत्रियों की असहज एंगल से तस्वीरें खींचने और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने के चलन पर सवाल उठाए थे। मानुषी के इस अंदाज ने एक बार फिर बहस छेड़ दी है कि ग्लैमर की दुनिया में वैâमरों की मौजूदगी के बीच कलाकारों की निजी सीमाओं का सम्मान आखिर कितना जरूरी है।
