-बीजेपी एमएलए की भद्दी टिप्पणी
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मध्य प्रदेश में भाजपा के एक विधायक की कथित भद्दी टिप्पणी को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। विधायक ने कथित तौर पर ‘बहन-बेटियों को साथ लाओ, हमारे लड़के तैयार हैं’ जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसे लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। वहीं, भाजपा के नवनिर्वाचित उपसभापति चंकी शाह का कथित वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें ‘सरकार हमारी, जितना लूट सको लूटो’ जैसी बात कही गई। कांग्रेस ने दोनों मामलों को लेकर भाजपा को घेरा है।
बता दें कि नवरात्रि में गरबा को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत गरमा गई है। भोपाल से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने गरबा में मुस्लिम युवकों की एंट्री के सवाल पर ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे राजनीतिक विवाद भड़क गया। शर्मा ने कहा कि मुस्लिम युवक गरबा में आना चाहते हैं तो अकेले न आएं, अपनी बहन-बेटियों को भी साथ लाएं, ‘हमारे छोरे भी तैयार हैं।’ उनके इस बयान पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला। शर्मा ने मुस्लिमों के गरबा में आने पर धर्म परिवर्तन, तिलक और ‘जय श्रीराम’ जैसे मुद्दे भी जोड़ दिए। उन्होंने गरबा को मां भगवती की आराधना बताते हुए कहा कि इसमें आने वालों को सनातन परंपराओं का पालन करना चाहिए।
`सरकार हमारी, जितना लूट सको लूटो!
राजस्थान के बांसवाड़ा में निकाय चुनाव की जीत के जश्न के बीच भाजपा के नवनिर्वाचित उपसभापति चंकी शाह का कथित वीडियो सियासी बवाल का कारण बन गया है। करीब १५ सेकंड की वायरल क्लिप में शाह यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि केंद्र में भाजपा, राज्य में भजनलाल शर्मा और बांसवाड़ा में भी भाजपा की सरकार है, ‘देने वाला खुलकर दे रहा है, जितना लूट सको लूट लो।’ वीडियो सामने आते ही कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोल दिया।
