मुख्यपृष्ठनए समाचारविद्याविहार आरओबी बना ‘तारीखों का पुल’!

विद्याविहार आरओबी बना ‘तारीखों का पुल’!

-आठ साल से निर्माणाधीन ६५० मीटर का आरओबी
– जून-अगस्त-सितंबर की डेडलाइन गई, अब अक्टूबर की बारी
संदीप पांडेय / मुंबई
विद्याविहार रेलवे स्टेशन के ऊपर बन रहा करीब ६५० मीटर लंबा रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) पिछले करीब आठ वर्षों से निर्माणाधीन है। नागरिकों को बार-बार इसकी शुरुआत की तारीख बताई गई, लेकिन तय समयसीमा गुजरती गई और पुल अब तक यातायात के लिए नहीं खुल सका। जून, अगस्त और सितंबर २०२६ की डेडलाइन के बाद अब अक्टूबर की शुरुआत में इसे खोलने की नई समयसीमा सामने आई है। ऐसे में नागरिकों की नजर अब इस बात पर है कि इस बार तारीख हकीकत में बदलती है या फिर एक और नई डेडलाइन सामने आती है।
मनपा के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का निर्माण लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, काम का आखिरी चरण लगभग पूरा हो चुका है और अक्टूबर की शुरुआत तक पुल को नागरिकों के लिए खोलने की तैयारी है। हालांकि, सितंबर में ही इसे शुरू किए जाने की उम्मीद थी, लेकिन वह समयसीमा भी निकल गई।
यह आरओबी विद्याविहार रेलवे स्टेशन के ऊपर से गुजरते हुए पूर्व में रामचंद्र चेंबूरकर मार्ग और पश्चिम में लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) रोड को जोड़ेगा। करीब ६५० मीटर लंबे इस पुल में रेलवे ट्रैक के ऊपर लगभग १०० मीटर लंबा मुख्य पुल भी शामिल है।
पुल का काम अंतिम चरण में पहुंचने के बावजूद लगातार बदलती डेडलाइन ने परियोजना की समयबद्धता पर सवाल खड़े किए हैं। अब अक्टूबर की शुरुआत की समयसीमा पर सभी की निगाहें टिकी हैं। आठ साल के लंबे इंतजार के बाद विद्याविहार आरओबी वास्तव में कब खुलेगा, यह अब तारीख नहीं, जमीन पर शुरू होने वाला यातायात तय करेगा।

अन्य समाचार