मुख्यपृष्ठनए समाचारगैलॉप्स में ‘खूनी बर्फ’!

गैलॉप्स में ‘खूनी बर्फ’!

– रसोई में कॉकरोच और चींटियों का डेरा
– एफडीए की छापेमारी में चौंकानेवाली गंदगी उजागर, लाइसेंस निलंबित
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के मशहूर महालक्ष्मी रेसकोर्स स्थित गैलॉप्स रेस्टोरेंट की चमक-दमक के पीछे खाद्य सुरक्षा की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने ग्राहकों की सेहत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की विशेष जांच में रेस्टोरेंट के रेफ्रिजरेटर में नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के खून और केचप के दाग वाली बर्फ, रसोई में जिंदा कॉकरोच और चींटियां, जमा ग्रीस और पानी का ठहराव मिला। इसके बाद एफडीए ने गैलॉप्स का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया। एफडीए के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान कच्चा माल फटे और क्षतिग्रस्त पैकेटों में रखा मिला। दीवारों की हालत खराब थी और ड्रेनेज तथा कॉकरोच ट्रैप की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इतना ही नहीं, खाद्य कर्मचारियों की वार्षिक मेडिकल जांच और टीकाकरण से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। इन कमियों को खाद्य सुरक्षा नियमों के शेड्यूल ४ के उल्लंघन के रूप में दर्ज किया गया। गौर करने वाली बात यह है कि गैलॉप्स महालक्ष्मी रेसकोर्स में वर्ष १९८६ से संचालित है और मुंबई के पुराने चर्चित रेस्तरां में गिना जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट की रसोई में इस स्तर की कथित अस्वच्छता सामने आना ग्राहकों की खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाता है।

अन्य समाचार