सोम प्रकाश
कई दिनों से रहस्यमयी संकेतों और छोटे-छोटे सुरागों के जरिए अपने प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ाने के बाद तलविंदर ने आखिरकार अपने बहुप्रतीक्षित ईपी ‘पेंटेड फीलिंग्स’ का पहला गीत ‘अस्से पास्से’ जारी कर दिया है। अपने खास संगीत और भावनात्मक कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले तलविंदर ने इस गीत के जरिए हमारे आसपास के लोगों और माहौल के हमारे व्यक्तित्व पर पड़ने वाले प्रभाव को खूबसूरती से पेश किया है।
पंजाबी में ‘अस्से पास्से’ का मतलब आसपास या परिवेश होता है। गीत इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए बताता है कि हमारे साथ रहने वाले लोग किस तरह धीरे-धीरे हमारे बोलने, सोचने, व्यवहार करने और खुद को देखने के तरीके को प्रभावित कर सकते हैं। गीत और अपने आगामी ईपी के बारे में बात करते हुए तलविंदर ने कहा, “हमने ‘अस्से पास्से’ की रचना एक बारिश वाले दिन अपने एक दोस्त के घर पर एक फ्रीस्टाइल सत्र के दौरान की थी। इसकी कोई योजना नहीं थी। जैसे-जैसे हम इस पर काम करते गए, यह विचार मेरे मन में बना रहा कि हमारे आसपास के लोग हमें कितना बदल सकते हैं। कई बार हमें यह एहसास भी नहीं होता कि हम खुद का एक अलग रूप बनते जा रहे हैं।” ‘अस्से पास्से’ को तलविंदर ने लिखा, संगीतबद्ध और प्रस्तुत किया है। इसका निर्माण ड्रॉप्ड आउट ने किया है, जबकि मिक्सिंग और मास्टरिंग एनडीएस ने की है। अपने खास एंबियंट-पॉप संगीत के जरिए तालविंदर ने एक बार फिर भावनाओं, यादों और रोजमर्रा के अनुभवों को अपनी अलग संगीत शैली में पिरोया है। ‘अस्से पास्से’ के साथ उन्होंने ‘पेंटेड फीलिंग्स’ की उस दुनिया की शुरुआत की है, जहां हर गीत एक अलग एहसास और कहानी को आवाज देगा। गीत अंत में एक ऐसा सवाल छोड़ जाता है, जो हर श्रोता को खुद से जोड़ता है—हम जो हैं, उसमें वास्तव में हमारा कितना हिस्सा है और कितना हिस्सा हमारे आसपास की दुनिया से आया है?
